निशानेबाजी विश्व चैम्पियनशिप के लिये भारत की 48 सदस्यीय टीम में शामिल हुए ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार

मिस्र के काहिरा में 12 से 25 अक्टूबर तक होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिये एनआरएआई ने 48 सदस्यीय भारतीय राइफल और पिस्टल टीम की घोषणा की।

Update: 2022-09-02 15:49 GMT

लंदन ओलंपिक खेलों में रजत पदक हासिल करने वाले भारत के बेहतरीन निशानेबाज विजय कुमार को आगामी आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप के लिये भारतीय निशानेबाजी टीम में चुन लिया गया हैं। मिस्र के काहिरा में 12 से 25 अक्टूबर तक होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिये भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने शुक्रवार को 48 सदस्यीय भारतीय राइफल और पिस्टल टीम की घोषणा की, जिसमें विजय को भी शामिल किया गया।

2012 में हुए लंदन ओलंपिक में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल रजत पदक जीतने वाले विजय ने इसी साल राष्ट्रीय टीम में वापसी की थी। लंबे ब्रेक की वजह उनकी कंधे की गंभीर चोट थी।

पांच बार के राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता विजय 2017 में सेना छोड़कर हिमाचल प्रदेश पुलिस से जुड़ गये थे।

बता दें क्रोएशिया के ओसिजेक में 19 सितंबर से शुरू हो रही शॉटगन विश्व चैम्पियनशिप के लिये 24 सदस्यीय टीम पहले ही घोषित हो चुकी है।

मौजूदा टीम में कई निशानेबाज पहली बार विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगे जिसमें विजय और अंजुम मोदगिल अनुभव लेकर आयेंगे। गौरतलब है कि टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में ओलंपियन मनु भाकर, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और इलावेनिल वलारिवान के अलावा दिव्यांश सिंह पंवार भी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News