एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप: तेजस्विनी सावंत ने 12वां ओलंपिक कोटा हासिल किया

तेजस्विनी सावंत 12वीं निशानेबाज (महिला और पुरुष) बन गई है, जो टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी

Update: 2019-11-09 12:36 GMT

दोहा में खेली जा रही 14वीं एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप से शनिवार को भारत के लिए खुशखबरी आई है। भारतीय महिला निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने आगामी टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल किया है। उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई और ओलंपिक का कोटा हासिल किया। इसके साथ ही तेजस्विनी 12वीं निशानेबाज (महिला और पुरुष) बन गई है, जो टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अनुभवी निशानेबाज तेजस्विनी ने क्वालिफिकेशन राउंड में 1171 स्कोर किया और पांचवे पायदान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। क्वालिफिकेशन राउंड में उनका यह प्रदर्शन आगामी ओलंपिक टिकट हासिल करने के लिए पर्याप्त था। यह उपलब्धि व्यक्तिगत तौर पर भी उनके लिए खास होगी क्योंकि उन्होंने पहली बार ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है।

https://twitter.com/Media_SAI/status/1193099072300695552?s=20

दिग्गज निशानेबाज तेजस्विनी 50 मीटर राइफल प्रोन में भी भाग लेती हैं और उन्होंने इस स्पर्धा में कई पदक जीते हैं जिसमें विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक शामिल हैं। वह 2010 में म्यूनिख में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में विश्व चैंपियन बनी थी। तेजस्विनी विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज हैं।

एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप: दीपक कुमार ने कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक कोटा हासिल किया

इससे पहले 14वीं एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में दीपक कुमार और चिंकी यादव ने ओलंपिक टिकट हासिल किया था। दीपक कुमार ने पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में कांस्य पदक जीता तो दूसरी तरफ चिंकी यादव 25 मीटर पिस्टल इवेंट के फाइनल में 116 अंको के साथ छठे स्थान पर रहीं।

Similar News