Asian U20 Championships: सुनील कुमार ने डेकाथलॉन में स्वर्ण पदक जीता

पदक तालिका में भारत के कुल 14 पदक हो गए हैं

Update: 2023-06-06 15:49 GMT

सुनील कुमार

भारत के सुनील कुमार ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डेकाथलॉन में स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ सुनील ने इतिहास रच दिया, वह एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के डेकाथलॉन में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। 

बता दें, चैंपियनशिप के इतिहास में डेकाथलॉन स्पर्धा में भारत का यह दूसरा ही पदक है इससे पहले साल 2016 में भारत के लिए पहली बार किसी भारतीय एथलीट ने पदक जीता था। कृष्ण कुमार 2016 में 6551 अंकों के साथ कांस्य पदक जीते थे।

इस 18 वर्षीय खिलाड़ी को प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही विपरीत परिस्थितियों से जूझना पड़ा था क्योंकि दक्षिण कोरियाई एयरलाइंस और एयर इंडिया ने उनके ‘पोल’ की लंबाई पांच मीटर होने के कारण उन्हें यह उपकरण साथ में ले जाने की अनुमति नहीं दी थी। इससे हालांकि उनके हौसले पस्त नहीं हुए और चैंपियनशिप के तीसरे दिन सुनील 7003 अंकों के साथ पहले नंबर पर रहें।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने आयोजकों से सुनील कुमार को पोल उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। वह पोल वॉल्ट की इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे थे। सुनील ने 100 मीटर बाधा दौड़, चक्का फेंक और भाला फेंक में पहला स्थान प्राप्त किया जिससे वह अन्य स्पर्धाओं में लचर प्रदर्शन के बावजूद स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।

महिलाओं की ऊंची कूद में पूजा ने 1.82 मीटर कूद लगाकर रजत पदक जीता। बुशरा खान ने महिलाओं की 3000 मीटर दौड़ में नौ मिनट 41.47 सेकंड का समय लेकर रजत पदक हासिल किया।

महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर दौड़ में भारतीय टीम ने 45.36 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।

प्रतियोगिता के पहले दिन रविवार को रेजोआना मल्लिक हीना और भरतप्रीत सिंह ने क्रमशः महिलाओं की 400 मीटर और पुरुषों की चक्का फेंक में स्वर्ण पदक जीता था। सोमवार को सिद्धार्थ चौधरी ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

पदक तालिका  में भारत के कुल 14 पदक हो गए हैं। भारतीय टीम के हिस्से में 4 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य शामिल हैं। भारतीय टीम तालिका में तीसरे नंबर पर है। जापान कुल 17 पदक के साथ पहले और चीन 14 पदक के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत और चीन के बराबर 14-14 पदक हैं, लेकिन चीन के आठ स्वर्ण होने के नाते वो दूसरे नंबर पर है।

Tags:    

Similar News