अंगद वीर सिंह बाजवा और सानिया शेख बने स्कीट राष्ट्रीय चैंपियन

Update: 2019-11-30 06:03 GMT

शुक्रवार को दिल्ली के डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में खेली जा रही 63वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में पंजाब के निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा ने सोने पर निशाना साधा है। उन्होंने शाटगन चैम्पियनशिप के पुरूष स्कीट फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने अनाधिकारिक रूप से नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। इस स्पर्धा का रजत मेराज अहमद खान के हिस्से में गया।

क्वालीफायर मुकाबलों में अनुभवी मेराज अहमद ने शानदार प्रदर्शन किया और परफेक्ट 125 के स्कोर के साथ फाइनल में जगह बनाई। स्वर्ण पदक जीतने वाले अंगद ने क्वालीफाइंग में 123 अंक जुटाए थे। अंगद ने 60 का पूरा स्कोर किया और स्कीट के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। यह रिकॉर्ड अधिकारिक रूप से महान स्कीट निशानेबाज विन्सेंट हैनकॉक और दो अन्य निशानेबाजों के नाम है। दूसरी तरफ अनुभवी निशानेबाज मेराज अहमद खान ने 58 अंक बनाये। मेराज दो निशाने में चूक गये और युवा निशानेबाज अंगद सिंह बाजवा से पिछड़ गए। 

दूसरी तरफ महिलाओं में सानिया शेख ने शूटआफ में राज्य की साथी अरीबा खान को 10-8 से पछाड़कर महिला स्कीट स्पर्धा में अपना तीसरा राष्ट्रीय खिताब जीता। पंजाब के अभय सिंह शेखों और परनाज धालीवाल ने क्रमश: जूनियर पुरूष और महिला स्कीट स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

Similar News