टाटा स्टील कोलकाता 25के मैराथन में श्रीनू और संजीवनी पेश करेंगे भारत की चुनौती

श्रीनू 2021 नई दिल्ली मैराथन और 2020 टाटा मुंबई मैराथन के विजेता भी रहे हैं।

Update: 2022-12-12 11:26 GMT

कोलकाता में आयोजित टाटा स्टील कोलकाता 25के (25 किमी) मैराथन में चैंपियन श्रीनू बुगाथा और फॉर्म में चल रही संजीवनी जाधव भारतीय चुनौती की अगुआई करते नजर आएंगे। अक्टूबर मे प्रतिष्ठित दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय धावकों के बीच तीसरे स्थान पर रहे श्रीनू बुगाथा को अभिषेक पाल और हर्षद म्हात्रे से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। श्रीनू 2021 नई दिल्ली मैराथन और 2020 टाटा मुंबई मैराथन के विजेता भी रहे हैं।

वहीं अभिषेक पाल ने इस साल मई में टीसीएस विश्व 10के बेंगलुरू मैराथन में भारतीय एलीट वर्ग का खिताब जीता था। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में 5000 मीटर जबकि राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर का भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।

जबकि महिलाओं के वर्ग में संजीवनी खिताब की प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने दिल्ली हाफ मैराथन और फेडरेशन कप में 10000 मीटर स्पर्धा के खिताब जीते। संजीवनी को इस साल फेडरेशन कप की 10000 मीटर स्पर्धा और राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स मीट में तीसरे स्थान पर रहीं कविता यादव और अर्पिता सैनी से कड़ी टक्कर मिल सकती है।

खास बात यह है कि इस साल अंतरराष्ट्रीय धावकों की सूची में पुरुष वर्ग में राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन विक्टर किपलानगट और महिला वर्ग में तोक्यो मैराथन 2022 की उप विजेता इथियोपिया की एशेटे बेकेरे शामिल हैं।

Tags:    

Similar News