पदक जीतने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को डीएसपी, डिप्टी कलेक्टर बनाया जाएगा: मुख्यमंत्री शिवराज चौहान

राज्य सरकार ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को पुलिस बल में सब इंस्पेक्टर और 50 को कांस्टेबल के पद पर नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है

Update: 2022-12-27 13:05 GMT

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया जाएगा। चौहान भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए।

चौहान और ठाकुर ने इस अवसर पर अगले साल मध्यप्रदेश में होने वाले 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022' के प्रतीक चिन्ह का अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के करियर को लेकर चिंतित होते हैं। माता पिता बच्चों को खेलों में शामिल होने से रोकते हैं। बच्चों की प्रसन्नता खेलते समय अद्भुत होती है। खेल जिंदगी का अंग है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद सागर को डिप्टी एसपी बनाए जाने का उदाहरण देते कहा कि राज्य सरकार ने फैसला किया है कि ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को पुलिस बल में सब इंस्पेक्टर और 50 को कांस्टेबल के पद पर नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है। यही नहीं खेलो इंडिया में अच्छा प्रदर्शन करने वाली और पदक जीतने वाली टीमों या खिलाड़ियों को कोचिंग के लिए सालाना 5 लाख रुपये दिए जाने का फैसला लिया गया है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धीरे-धीरे ग्रामीण स्तर पर भी खेल के बुनियादी ढांचे का विकास करेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में खेल के अनुरूप वातावरण बन रहा है। हर जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर खेल अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है। प्रदेश में उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना तो होगी ही, साथ ही खिलाड़ियों को खेल के लिये हर सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी और मध्यप्रदेश खेलों में भी नंबर वन बनेगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मध्यप्रदेश के खिलाड़ी प्रतस्पिर्धा में डटकर मुकाबला कर पदक लेकर आएं। सरकार भोपाल के बरखेड़ा नाथू में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम का निर्माण कर रही है।

वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मध्यप्रदेश खेल विभाग की निशानेबाजी और घुड़सवारी अकादमियों की प्रशंसा की और उन्हें देश में सर्वश्रेष्ठ अकादमियों में से एक बताया। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार शतरंज ओलंपियाड के आयोजन का अवसर मिला है, जिसकी रिले मशाल उन्होंने लांच की। देश को पहली बार थॉमस कप में वर्ष 2022 में स्वर्ण पदक मिला है। देश में 1,000 खेलो इंउिया केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश का खेल बजट चार करोड़ रूपये से 400 करोड़ रूपये तक कर दिया है। ठाकुर ने कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत पांच वर्षों के लिए 3195 करोड़ रुपये का बजट प्रदान किया गया है।

गौरतलब है कि आगामी 30 जनवरी से 11 फरवरी 2023 तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स का 5वां संस्करण प्रदेश के 8 शहर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मण्डला, बालाघाट और खरगोन (महेश्वर) में होगा। एक गेम (साइक्लिंग) दिल्ली में खेला जाएगा। पहली बार वाटर स्पोर्ट्स अर्थात कयाकिंग कैनोइंग, कैनो स्लैलम और रोइंग खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इस संस्करण का हिस्सा होंगे। इस दौरान 27 खेल नौ शहरों के 23 स्थलों पर होंगे। लगभग 6,000 खिलाड़ी खेलों में हिस्सा लेंगे।

Tags:    

Similar News