PKL 2021 Match 11: पल्टन ने जीत का खाता खोला, टाइटंस को मिली पहली हार

पुनेरी पल्टन ने अपने दूसरे मैच में तेलुगू टाइटंस को 34-33 के अंतर से हराकर जीत का खाता खोला।

Update: 2021-12-25 16:45 GMT

पुनेरी पल्टन ने पांच मिनट के खेल के बाद ही मैट से बाहर किए गए अपने सुपरस्टार राहुल चौधरी के बिना ही शानदार खेल दिखाते हुए शेरेटन ग्रैंड में जारी वीवो प्रो कबड्डी लीग के आठवें सीजन के अपने दूसरे मैच में तेलुगू टाइटंस को 34-33 के अंतर से हराकर जीत का खाता खोला। टाइटंस को हालांकि जीत के लिए इंतजार  करना होगा। टाइटंस ने अपने पहले मैच में तमिल थलाइवाज के खिलाफ टाई खेला था।

टाइटंस के लिए सिद्धार्थ बाहुबली देसाई फार्म में लौटे और कुल 15 अंक अपने नाम किए लेकिन दूसरे रेडरों से साथ नहीं मिल पाने के कारण वह अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। दूसरी ओर, पल्टन की ओर से सब्सीट्यूट मोहित गोयत ने 9 अंक तथा असलसम इनामदार ने 8 अंक बटोरकर देसाई के आंकड़ों को छोटा साबित कर दिया।

देसाई पल्टन के लिए सबसे बड़ा खतरा थे। शुरुआती छह मिनट में वह चार अंक निकाल चुके थे। टाइटंस को 5-4 की लीड मिली हुई थी जल्द ही पल्टन 8-6 की लीड पर थे। देसाई ने अपनी पांचवीं रेड पर अंक लेते हुए स्कोर 7-8 किया। टाइटंस ने पंकज मोहिते को लपककर स्कोर 8-8 कर दिया।

पल्टन के पाले में तीन खिलाड़ी थे। बोनस आन था और साथ ही सुपर टैकल भी। स्कोर 9-9 था। पल्टन ने देसाई के खिलाफ सुपर टैकल कर 11-9 की लीड ले ली। अब चौधरी अंदर गए थे। पल्टन का डिफेंस शानदार खेल रहा था। उसने एक और टैकल के साथ स्कोर 12-9 कर दिया।

टाइटंस ने मोहित गोयत को डू ओर डाई रेड पर लपककर देसाई को अंदर आने का मौका दिया। अगली रेड पर देसाई संतुलन गंवा बैठे और शिकार कर लिए गए लेकिन उससे पहले संकेत देसाई एंडलाइन टच कर चुके थे। संकेत सहित सभी डिफेंडर्स ने देसाई को लपक लिया। रिव्यू लिया गया, जिसमें पांच अंक टाइटंस को मिला और देसाई के आउट होने पर पल्टन को भी एक अंक मिला। स्कोर 13-14 था।

इसके बाद पल्टन को आलआउट कर 17-14 की लीड ले ली। देसाई ने अब सुपर रेड पूरा किया और टाइटंस को 20-14 से आगे कर दिया। छह अंकों की इसी लीड के साथ पहला हाफ समाप्त हुआ।

ब्रेक के बाद पल्टन ने डू ओर डाई रेड अंक हासिल करते हुए स्कोर 15-20 कर दिया। अगली रेड पल्टन के लिए डू ओर डाई थी। मोहिते ने रोहित को आउट कर स्कोर 16-20 कर दिया। पल्टन वापसी की राह पर थे। उसने लगातार दो अंकों के साथ स्कोर 18-21 कर दिया। टाइटंस के लिए सुपर टैकल आन था। दोनों टीमें डू ओर डाई रेड पर थीं। पल्टन के लिए मोहित गोयत ने सुपर रेड पर तीन अंक हासिल कर न सिर्फ टाइटंस को आलआउट किया बल्कि अपनी टीम को लीड भी दिला दी।

इसी बीच देसाई ने सुपर-10 पूरा किया। बीते पांच मिनट में पल्टन 10 अंक हासिल कर चुके थे जबकि टाइटंस को एक अंक ही मिला है। पल्टन ने अगली रेड पर कप्तान रोहित को आउट कर 25-21 की लीड ले ली। अगली रेड पर अंकित  बेनीवाल टैकल किए गए। देसाई अब अंदर थे। आते ही उन्होंने सुपर रेड किया और स्कोर 25-25 हो गया।

पल्टन के लिए सुपर टैकल आन था। कप्तान विशाल भारद्वाज ने देसाई के खिलाफ सुपर टैकल के साथ पल्टन ने 27-26 की लीड दिला दी। टाइटंस ने हालांकि जल्द गी 28-28 की बराबरी कर ली। पल्टन के लिए सुपर टैकल आन था। देसाई ने कप्तान विशाल को आउट कर टाइटंस को 29-28 से आगे कर दिया।

पल्टन ने अगली रेड पर दो अंक पाए। स्कोर 30-29 था लेकिन देसाई ने एक और अंक के साथ स्कोर 30-30 कर दिया। पल्टन हालांकि अगली रेड पर आलआउट हुए और स्कोर 31-33 हो गया। अब सिर्फ ढाई मिनट बचे थे। असलम की अगली रेड पर सी. अरुण ने चेन छोड़ी और पल्टन को एक अंक मिल गया।

डू ओर डाई रेड पर पल्टन ने देसाई को लपका और स्कोर 33-33 कर लिया। अगली रेड पर मोहित गोयत ने अंक लेकर पल्टन को 34-33 से आगे कर दिया। पल्टन द्वारा ली गई मैच की अंतिम रेड खाली गई लेकिन बावजूद उसने जीत का खाता खोल लिया। पल्टन को अपने पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ हार मिली थी।

Similar News