हॉकी में चंडीगढ़ और हरियाणा ने अंडर-17 श्रेणी में जीते गोल्ड

Update: 2020-01-21 09:02 GMT

सोमवार को गुवाहाटी में खेले जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हॉकी के अंडर-17 श्रेणी के महिलाओं और पुरुष टीमों के फाइनल मुकाबले खेले गये। मौलाना तैयबुल्लाह हॉकी स्टेडियम में खेले गये फाइनल में पुरुषों में चंडीगढ़ ने बाजी मारी। दूसरी तरफ अंडर-17 श्रेणी के महिलाओं में हरियाणा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

अंडर-17 श्रेणी के पुरुषों का फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया, जो चंडीगढ़ ने पेनाल्टी शूटआउट में 2-0 से जीत लिया। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। निर्धारित तय समय तक दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर रही, जिसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी के आधार पर हुआ। पेनाल्टी में हुए फैसले में चंडीगढ़ ने बाजी मारी। उत्तर प्रदेश की ओर से छठे और 43वें मिनट में अरुण साहनी ने गोल किये। दूसरी तरफ चंडीगढ़ की ओर से दीपक कुमार ने 17वें मिनट में और सुमित ने 50वें मिनट में गोल किये। पेनाल्टी शूटआउट में चंडीगढ़ के गोलकीपर बिक्रमजीत सिंह ने लगातार चार बचाव किये और स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

दूसरी तरफ अंडर-17 श्रेणी के महिलाओं का फाइनल मुकाबला हरियाणा और झारखंड के बीच हुआ। यह मैच भी निर्धारित तय समय तक 2-2 से बराबर रहा और पेनाल्टी शूटआउट में हरियाणा ने बाजी मारी। हरियाणा की ओर से पिंकी ने मैच के 13वें मिनट में गोल करके टीम को बढ़त में ला दिया। झारखंड की ओर से 35वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि, अगले ही मिनट में डिम्पल ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। निर्धारित समय से कुछ सेकेंड पहले दीपिका सोरेंग ने दूसरा गोल करके मैच को पेनाल्टी शूटआउट तक धकेला। पेनाल्टी में हरियाणा ने 2-1 से बाजी मारकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Similar News