तेजिंदरपाल सिंह तूर ने राष्ट्रीय थ्रो प्रतियोगिता में मीट रिकॉर्ड बनाया

एशियाई खेल 2018 के स्वर्ण पदक विजेता तेजिंदरपाल सिंह तूर ने करणवीर सिंह को पछाड़ा

Update: 2023-03-02 05:46 GMT

तेजिंदरपाल सिंह तूर

एशियाई खेलों के पूर्व चैम्पियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने बुधवार को दूसरी एएफआई राष्ट्रीय थ्रो प्रतियोगिता में अपने ही मीट रिकॉर्ड में एक सेंटीमीटर का इजाफा करते हुए पुरूष गोला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।  

तूर की कोशिश 20 मीटर दूर गोला फेंकने की थी, उन्होंने चार प्रयास 19.51 मीटर से बेहतर किये लेकिन सर्वश्रेष्ठ प्रयास 19.95 मीटर का ही लगा सके। एशियाई खेल 2018 के स्वर्ण पदक विजेता तूर ने करणवीर सिंह को पछाड़ा जिन्होंने 19.54 मीटर से रजत पदक जीता। साहिब सिंह ने 18.77 मीटर के प्रयास से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

पुरूषों की चक्का फेंक स्पर्धा में हरियाणा के मंजीत ने प्रवीण कुमार को पछाड़ा। वायु सेना के मंजीत ने 51.24 मीटर दूर चक्का फेंककर पहला स्थान हासिल किया। सेना के प्रवीण 50.88 मीटर के प्रयास से दूसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की तार गोला फेंक स्पर्धा में उत्तराखंड की रेखा सिंह ने 2014 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता अनुभवी मंजू बाला को दूसरे स्थान पर खिसका दिया। रेखा ने 54 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। जबकि पुरुषों के तार गोला फेंक स्पर्धा में राजश्थान के 21 साल के युवराज जाखड़ ने 52.69 मीटर के प्रयास से प्रथम स्थान हासिल किया।

Tags:    

Similar News