Indian Grand Prix-1: हिमा दास और एंसी सोजान ने जीता स्वर्ण

असम की हिमा ने में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की ऐश्वर्या और केरल की विस्मया को हराकर स्वर्ण जीता

Update: 2023-03-20 18:10 GMT

महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के पदक विजेता

 भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास ने सोमवार को त्रिवेंद्रम के लक्ष्मीबाई नेशनल कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन में चल रही इंडियन ग्रां प्री-एक एथलेटिक्स स्पर्धा के 200 मीटर में 23.79 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि लंबी कूद में एंसी सोजान ने 6.49 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से सुर्खियां बटोरीं।

असम की हिमा ने में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की ऐश्वर्या कैलाश मिश्रा (24.81) और केरल की वीके विस्मया (24.82) को हराकर स्वर्ण जीता। सोजन ने छह मीटर से लंबी छलांग लगाई और 6.49 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ जीत हासिल की, जो एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मानक 6.45 मीटर से अधिक है।

हरियाणा के कृष्ण कुमार पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में शीर्ष पर रहे। उन्होंने एक मिनट 47.26 सेकंड का समय लिया। सेना के इस धावक ने एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मानक एक मिनट 49.05 सेकंड से काफी कम समय लिया।

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के तीन धावकों ने एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मार्क 14:00.00 से कम समय लिया। अभिषेक पाल ने 13:51.14 - अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ से 2.15 सेकंड धीमी गति - से जीत हासिल की। जबकि गुलवीर सिंह दूसरे और मोहम्मद नूर हसन तीसरे स्थान पर रहे।

ओडिशा भाला फेंक खिलाड़ी किशोर कुमार ने केवल दो वैध कोशिशें कीं, लेकिन 81.05 मीटर का उनका प्रयास उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ था जो इस महीने बेल्लारी में राष्ट्रीय ओपन थ्रो प्रतियोगिता में उनकी 78.93 मीटर की जीत से बेहतर था।

डीपी मनु ने उन्हें शीर्ष स्थान से हटाने की बहुत कोशिश की और 80 मीटर से अधिक दो थ्रो किए, लेकिन दूसरे स्थान पर रहे। दोनों एएफआई द्वारा निर्धारित एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग मार्क से आगे निकल गए।

इस आयोजन में हालांकि बहुत कम शीर्ष एथलीटों भाग ले रहे है। कई स्पर्धाओं में सिर्फ तीन एथलीट ही चुनौती पेश कर रहे थे। महिलाओं की ऊंची कूद और पुरुषों की त्रिकूद में केवल दो प्रतियोगी थे, पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में चार, महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में तीन खिलाड़ियों ने ही हिस्सा लिया। महिलाओं की गोला फेंक में तीन, 800 मीटर महिला में तीन और महिलाओं की 5000 मीटर में तीन प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Tags:    

Similar News