भारत को एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक

भारत ने अंडर-20 लड़कों की 8 किमी, अंडर-18 लड़कियों की 6 किमी और सीनियर महिलाओं की 10 किमी टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण जीता

Update: 2023-03-07 18:37 GMT

लड़कियों के अंडर-18 वर्ग टीम  

भारतीय एथलीटों ने मंगलवार को काठमांडू में 16वीं एशियाई क्रॉस कंट्री एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। भारत ने अंडर-20 लड़कों की 8 किमी, अंडर-18 लड़कियों की 6 किमी और सीनियर महिलाओं की 10 किमी टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण जीता, जबकि पुरुषों की 10 किमी टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

सृष्टि श्रीधर रेडेकर, बेबी, प्रियंका सी, और भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम की टीम ने लड़कियों के अंडर-18 वर्ग की 6 किमी दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। शिवाजी परशुराम मदप्पागौद्र, सुभाशीष घोष, विजय संजय सावरतकर और दिव्यांशु कुमार की अंडर-20 लड़कों की 8 किमी टीम ने भी सोने का तमगा हासिल किया।

महिलाओं की 10 किमी टीम में सोनिका, छवि यादव, मुन्नी देवी और संजीवनी बाबूराव जाधव शामिल थी जिन्होंने भारत के लिए चैंपियनशिप का तीसरा स्वर्ण पदक जीता। कांस्य पदक विजेता पुरुषों की 10 किमी टीम में हेमराज गुर्जर, आनंद सिंह, नितेश कुमार राठवा और बलराम शामिल थे।

व्यकितगत प्रदर्शन की बात करें तो सृष्टि श्रीधर रेडेकर ने अंडर 18 लड़कियों की 6 किमी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 24:15 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। बेबी ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 24:42 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। अंडर 20 लड़कों की 8 किमी स्पर्धा में शिवाजी परशुराम मदप्पागौद्रा ने 27:39 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

महिलाओं की 10 किमी में, सोनिका ने नेपाल की रजत पदक विजेता राजपुरा पचा को कड़ी टक्कर दी और 41:32 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। वह सिर्फ एक सेकेंड से रजत पदक से हार गईं।

Tags:    

Similar News