Federation Cup: शॉटपुट में तेजिंदरपाल सिंह तूर , भालाफेंक में अन्नु रानी ने जीते खिताब

तेजिंदरपाल सिंह तूर ने 20.42 मीटर के साथ स्वर्ण जीता

Update: 2023-05-17 08:18 GMT

तेजिंदरपाल सिंह तूर

एशियाई खेलों के मौजूदा चैम्पियन शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी अन्नु रानी ने रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में चल रहे फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन अपने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

एशियाई रिकॉर्डधारी तूर ने 20.42 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21.49 मीटर है। पंजाब के तूर ने 19 मीटर का एशियाई खेल क्वालीफाइंग मार्क पार किया। दिल्ली के साहिब सिंह और पंजाब के करणवीर सिंह ने भी 19 मीटर की बाधा पार की।

तीस वर्ष की अन्नु हालांकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी और 59.24 मीटर का निशाना लगाया लेकिन वह आगामी एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाई करने के लिये काफी था। उत्तर प्रदेश की अन्नु का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 63.82 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

जुलाई 12 से 16 तक होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप में क्वालीफाइंग मार्क 54.73 मीटर है जबकि हांगझोउ खेलों के लिये यह 56.46 मीटर है ।

ओडिशा की स्रबानी नंदा ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ 11.57 सेकंड में जीती हालांकि एशियाई चैम्पियनशिप का क्वालीफाइंग मार्क 11.44 सेकंड पार नहीं कर सकी।

पुरूष वर्ग में ओडिशा के अमिय कुमार मलिक विजयी रहे जिन्होंने 10.31 सेकंड का समय निकाला। एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाइंग मार्क 10.19 सेकंड है।

महिलाओं की 400 मीटर में महाराष्ट्र की ऐश्वर्य मिश्रा 52.57 सेकंड का समय निकालकर विजयी रही लेकिन बाद में लेन तोड़ने के कारण उन्हें अयोग्य करार दिया गया। दूसरे स्थान पर रही कर्नाटक की प्रिया मोहन को विजयी घोषित किया गया प्रिया ने एशियाई चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाई कर लिया।

राजेश रमेश (43.75 सेकेंड) और मुहम्मद अजमल (45.85) पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहे और एशियाई चैम्पियनशिप क्वालीफाइंग मार्क पार किया। हालांकि, मुहम्मद अनस याहिया 46.19 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद क्वालीफाइंग मार्क को तोड़ने में विफल रहे।

Tags:    

Similar News