अविनाश साबले ने डायमंड लीग मीट में 3000 मी स्टीपलचेज में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, आठवीं बार तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड

Update: 2022-06-06 09:00 GMT

अविनाश साबले

रविवार को भारत के अविनाश साबले ने एक बार फिर 3000 मीटर स्टीपलचेज में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा और एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। यह कारनामा इस बार अविनाश ने डाइमंड लीग मीट में किया। जहां उन्होंने 3000 मीटर स्टीपलचेज में 8 मिनट 12.48 सेकेंड का समय लेकर प्रतियोगिता में पांचवा स्थान हासिल किया। अविनाश ने इसी के साथ अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 4 सेकंड का सुधार किया है और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। अविनाश ने आठवीं बार अपने करियर में ऐसा किया। 

डाइमंड लीग मीट के 3000 मीटर स्टीपलचेज वर्ग में सोफियान अल बक्काली ने मीट रिकॉर्ड 7 मिनट 58.28 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इथोपिया के टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता लामेचा गिरमा 7 मिनट 59.24 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वही उनके हमवतन हेलमेरियम तेगेगन ने 8 मिनट 6.29 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। रियो ओलंपिक 2016 चैंपियन कीनिया के कोन्सेसलेस किप्रुतो ने 8 मिनट 12.47 सेकेंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। 

महाराष्ट्र के बीड जिले के रहने वाले अविनाश सेना के जवान हैं। साबले कई बार 3000 मीटर स्टीपलचेज में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले 2018 में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 8 मिनट 29.80 सेकेंड के समय के साथ गोपाल सैनी का 8 मिनट 30.88 का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। 

पिछले साल साबले ने अमेरिका में 13 मिनट 25.65 सेकेंड के साथ पुरुष 5000 मीटर में 30 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था, जो बहादुर प्रसाद ने 1992 में बार्सिलोना में 13 मिनट 29.70 सेकेंड के समय के साथ बनाया था। 

Tags:    

Similar News