Begin typing your search above and press return to search.

कुश्ती

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: भारत की दमदार पहलवान विनेश फोगाट और सोनम मलिक करेंगी दस सदस्यीय महिला टीम का नेतृत्व

भारत की दमदार पहलवान विनेश फोगाट को 53 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में अंडर-20 विश्व चैंपियन अंतिम पंघाल का सामना करना पड़ा। जहां विनेश ने अंतिम को 7-0 से हराकर भारतीय कुश्ती टीम में अपनी जगह बनाई।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: भारत की दमदार पहलवान विनेश फोगाट और सोनम मलिक करेंगी दस सदस्यीय महिला टीम का नेतृत्व
X
By

Pratyaksha Asthana

Published: 29 Aug 2022 6:00 PM GMT

बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक लगाने वाली विनेश फोगाट और भारत की अन्य महिला पहलवान सोनम मलिक ने सोमवार को लखनऊ में हुए अपने ट्रायल में जीत हासिल की हैं। इसी के साथ दोनो महिला खिलाड़ी को अगले महीने सर्बिया के बेलग्रेड में होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2022 में दस सदस्यीय भारतीय महिला टीम का नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त हुआ हैं।

भारत की दमदार पहलवान विनेश फोगाट को 53 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में U20 विश्व चैंपियन अंतिम पंघाल का सामना करना पड़ा। जहां विनेश ने अंतिम को 7-0 से हराकर भारतीय कुश्ती टीम में अपनी जगह बनाई।

इससे पहले विनेश फोगाट ने 2019 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और 10 से 18 सितंबर तक होने वाली इस विश्व चैंपियनशिप के 17वें संस्करण में वह अपने दूसरे पदक को जीत कर अपनी पदक तालिका में इजाफा करना चाहेंगी।

वहीं ओलंपियन साक्षी मलिक की अनुपस्थिति में दो बार की कैडेट विश्व चैंपियन सोनम मलिक ने भी 62 किग्रा वर्ग के फाइनल में मनीषा को 2-1 से हराकर टीम में जगह हासिल की। 20 साल की सोनम ने हाल में हुई अंडर 20 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।

विनेश और सोनम के अलावा विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता और 59 किग्रा भार वर्ग में विश्व नंबर 1 सरिता मोर और अच्छे फार्म में चल रही मानसी अहलावत ने भी जीत हासिल की हैं।

बता दें विश्व चैंपियनशिप के लिए पुरुषों का दो दिवसीय ट्रायल नई दिल्ली में चल रहा है जो मंगलवार को समाप्त होगा।

बर्मिंघम में हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले बजरंग पुनिया (65 किग्रा), रवि दहिया (57 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) को इस प्रतियोगिता में छूट दी गई है। इसके अलावा सभी 10 भार वर्गों के लिए पुरुषों का ट्रायल होगा।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2022 के लिए भारतीय महिला टीम-


अंकुश (50 किग्रा), विनेश फोगाट (53 किग्रा), सुषमा शौकीन (55 किग्रा), सरिता मोर (57 किग्रा), मानसी अहलावत (59 किग्रा), सोनम मलिक (62 किग्रा), शेफाली (65 किग्रा), निशा दहिया (68 किग्रा), ऋतिका (72 किग्रा) और प्रियंका (76 किग्रा)।

Next Story
Share it