Begin typing your search above and press return to search.

कुश्ती

एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में पहला दिन भारत के लिए रहा यादगार, पहलवानों ने जीते तीन कांस्य पदक

पहले दिन 87 किग्रा वर्ग में 23 वर्षीय सुनील कुमार, 55 किग्रा में अर्जुन हलाकुर्की और 63 किग्रा वर्ग में नीरज ने देश के लिए तीन कांस्य पदक जीते

Sunil Kumar Greco Roman Wrestler
X

सुनील कुमार

By

Amit Rajput

Updated: 19 April 2022 2:21 PM GMT

आज से मंगोलिया के उलानबटोर में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप शुरू हुई, जहां चैंपियनशिप में पहला दिन भारत के लिए काफी यादगार रहा। पहले दिन भारत के पांच ग्रीको रोमन पहलवानों में से तीन पहलवानों ने भारत के लिए मेडल जीते। पहले दिन 87 किग्रा वर्ग में 23 वर्षीय सुनील कुमार, 55 किग्रा में अर्जुन हलाकुर्की और 63 किग्रा वर्ग में नीरज ने देश के लिए तीन कांस्य पदक जीते।

सुनील ने जीता दूसरी बार पदक

23 वर्षीय सुनील ने दूसरी बार एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीता है। इससे पहले उन्होंने साल 2020 में 87 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। सुनील ने मेजबान देश मंगोलिया के बातबायर लुटबायर के खिलाफ कांस्य पदक के मुकाबले में शुरुआत में ही 5-0 की बड़ी बढ़त बना ली और यह बढ़त अंत तक कायम रखी और मैच को अपने नाम किया। वही सुनील को सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के जालगेसबे बेरदिमुरातोव के खिलाफ तकनीकी दक्षता के आधार पर शिकस्त झेलनी पड़ी थी। उन्होंने चैंपियनशिप में जापान के मसातो सुमि के खिलाफ 5-3 की जीत से शुरुआत की थी।

अर्जुन और नीरज ने भी जीता पदक

वही 55 किग्रा वर्ग में अर्जुन हलाकुर्की ने भी कांस्य पदक जीता, उन्होंने कांस्य पदक के लिए हुए मैच में दावसबंदी मुंख एर्देन को 10-7 से हराया। वही उन्हें क्वार्टर फाइनल में कज़ाख़िस्तान के अमंगाली बेकबोलातोव के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी। अर्जुन ने भी साल 2020 में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। भारत के लिए दिन का तीसरा और आखरी कांस्य पदक 63 किग्रा वर्ग में आया, जहां नीरज ने उज्बेकिस्तान के इस्लोमजोन बखरामोव को 7-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। उन्हें क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के टाइनार शार्शेनबेकोव के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जिन्होंने बाद में स्वर्ण पदक जीता।

वही पहले दिन भारत के दो अन्य पहलवानों में 77 किग्रा वर्ग में साजन भानवाल जापान के कोदाई साकुराबा के खिलाफ हारकर कांस्य पदक से चूक गए। जबकि प्रेम कुमार को 130 किग्रा वर्ग के पहले क्वालीफिकेशन मुकाबले में ईरान के आमिर मोहम्मदली घासमिमोनजाजी के खिलाफ 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

Next Story
Share it