शतरंज
टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट:विश्वनाथन आनंद की सधी हुई शुरुआत, कार्लसन शीर्ष पर बरकरार
शुक्रवार को आनंद अपने तीसरे राउंड में रूस के इयान नेपोमनियाच्ची से हार गए।
![टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट:विश्वनाथन आनंद की सधी हुई शुरुआत, कार्लसन शीर्ष पर बरकरार टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट:विश्वनाथन आनंद की सधी हुई शुरुआत, कार्लसन शीर्ष पर बरकरार](/images/placeholder.jpg)
कोलकाता में खेले जा रहे टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय दिग्गज विश्वनाथन आनंद ने प्रतियोगिता में सधी हुई शुरुआत की। उन्होंने अपने पहले राउंड में चीन के डिंग लिरेन से ड्रॉ खेला। उसके बाद आनंद ने अपने दूसरे राउंड में अमेरिका के वेस्ले सो पर जीत हासिल की और महत्वपूर्ण दो अंक बटोरे। हालांकि, शुक्रवार को आनंद अपने तीसरे राउंड में रूस के इयान नेपोमनियाच्ची से हार गए। इसके साथ ही आनंद ने कुल 3 अंक हासिल किये।
दूसरी तरफ विश्व चैम्पियन मैग्नस कार्लसन ने अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता के पहले दिन 5 अंक बटोरकर बढ़त बना ली है। उन्होंने शुक्रवार को अपने पहले राउंड में वेस्ले सो के साथ ड्रा खेला। इसके बाद अगले दो राउंड में कार्लसन ने क्रमशः इयान नेपोमनियाच्ची और लेवोन अरोनियन को हराकर अधिकतम अंक बटोरे। कार्लसन 5 अंको के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार हैं। उनके ठीक नीचे अमेरिका के हिकारू नाकामुरा रहे, जिन्होंने चार अंक हासिल किये।
आनंद अंक तालिका में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं, जिसमें उनके साथ हालैंड के अनीश गिरी, डिंग लिरेन और हमवतन विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा शामिल हैं। भारत के अन्य दो ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा ने अपने तीनों राउंड में ड्रॉ खेला। इसके साथ ही दोनों ग्रेंडमास्टरों के तीन-तीन अंक हो गये हैं।