अन्य
बजरंग पुनिया को मिला खेल रत्न, मोहम्मद अनस और तेजिंदर सिंह तूर को मिला अर्जुन अवार्ड

गुरुवार को भारतीय स्टार रेस्टलर बजरंग पुनिया को राजीव गाँधी खेल रत्न से सम्मानित किया गया। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने उनको यह सम्मान दिया। सामान्यतः राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन यह प्रतिष्ठित पुरुस्कार मिलता है, लेकिन बजरंग विश्व चैंपियनशिप की व्यस्तता के कारण यह अवार्ड नहीं ले पाये थे। बजरंग को इसके साथ ही 32 लाख 70 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। गौरतलब है कि बजरंग पुनिया देश को 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में टोक्यो ओलंपिक का कोटा दिला चुके हैं।
खेल रत्न मिलने के बाद बजरंग ने कहा, "पुरस्कार मिलने के बाद कोई भी खिलाड़ी अच्छा महसूस करता है और यह तो देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। मेरा पूरा ध्यान अब टोक्यो ओलम्पिक पर लगा हुआ है और इस सम्मान के बाद जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। मेरी अच्छी तैयारियां चल रही हैं। मैं 10-12 दिन से मैट पर ट्रेनिंग कर रहा हूं और अपनी चोट से उबर चुका हूं। मैं टोक्यो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और सभी के आशीर्वाद से स्वर्ण पदक जीतूंगा।"
बजरंग पुनिया को इससे पहले साल 2015 में अर्जुन पुरस्कार और इसी साल पदमश्री भी मिला। इसके अलावा अन्य एथलीट मोहम्मद अनस और शॉटपुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर को अर्जुन अवॉर्ड मिला। दूसरी तरफ एथलेटिक्स कोच मोहिंदर सिंह ढिल्लों को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया।