Begin typing your search above and press return to search.

मैराथन

इंदिरा मैराथन के पुरुष व महिला वर्ग में शेर सिंह व सुधा सिंह विजेता बने

शेर सिंह राणा ने 2 घंटा 20 मिनट और 11 सेकेंड में मैराथन पूरी की

sudha singh
X

इंदिरा मैराथन की महिला वर्ग की विजेता ओलंपियन सुधा सिंह 

By

Bikash Chand Katoch

Published: 19 Nov 2022 4:19 PM GMT

प्रयागराज में आयोजित 37वीं इंदिरा मैराथन को इस बार पुरुष व महिला वर्ग में नए चैंपियन मिले। शेर सिंह राणा इंदिरा मैराथन के पुरुष वर्ग के विजेता बने। उन्‍होंने 2 घंटा 20 मिनट और 11 सेकेंड में मैराथन पूरी की। वह सेना के धावक हैं। वहीँ महिला वर्ग की विजेता का ताज ओलंपियन सुधा सिंह के सिर पर सजा। रायबरेली की सुधा सिंह ने पहली बार इंदिरा मैराथन में भाग लिया। सुधा सिंह ने 2 घंटा 51 मिनट और 44 सेकेंड में दौड़ पूरी की।

पुरुष वर्ग के उप विजेता महाराष्ट्र के विक्रम बंगारिया बने। प्रयागराज के अनिल कुमार सिंह तृतीय स्‍थान पर रहे। चौथा स्‍थान पर गोपी टी आए हैं। महिला वर्ग में अश्विनी यादव जाधव दूसरे नंबर पर व तीसरे नंबर पर ज्योति शंकर राव आईं। दोनों महाराष्‍ट्र की धावक हैं।

उल्‍लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्‍वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर आज 19 नवंबर को प्रयागराज में प्रतिवर्ष इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाता है। इस बार 37वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन हुआ। आज की मैराथन में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय धावकों समेत करीब 1000 धावक दौड़े। इंदिरा मैराथन आज सुबह 6.33 बजे शुरू हुई। ऐतिहासिक आनंद भवन से खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मैराथन का शुभारंभ किया। 42.195 किमी की इंदिरा मैराथन महिला व पुरुष वर्गों में आयोजित की गई।

इंदिरा मैराथन में प्रथम पुरस्कार दो लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार एक लाख रुपये, तृतीय पुरस्कार 75 हजार रुपये दिए गए। अन्य क्रमवार विजेता 11 खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार मिला। खास बात यह थी की पुरुष व महिला दोनों वर्ग में एक समान पुरस्कार राशि थी। कुल नौ लाख 70 हजार रुपये इनाम के तौर पर मिले। दोपहर बाद खेल मंत्री ने मदन मोहन मालवीय स्‍टेडियम में विजेताओं को पुरस्‍कृत किया।

Next Story
Share it