खेलो इंडिया
Khelo India Youth Games: मध्य प्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग शुभारंभ आज
शाम सात बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर इसका शुभारंभ करेंगे
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवें सत्र का सोमवार को शाम तात्या टोपे नगर स्टेडियम पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में उद्घाटन करेंगे। ये खेल प्रदेश के आठ शहरों के 23 मैदानों पर आयोजित किये जायेंगे और इनमें 27 खेलों में 6000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे । पहली बार कयाकिंग, केनोइंग, केनोइ स्लालोम और तलवारबाजी जैसे खेल इन खेलों का हिस्सा होंगे।
मध्य प्रदेश अपनी मेहमाननबाजी से समूचे भारत का दिल जीतेगा। इस कार्यक्रम के लिए बालीवुड के सिंगर शान, नीति मोहन, दक्षिण भारत के मशहूर ड्रमर शिवामणि समेत तमाम कलाकार भोपाल पहुंच चुके हैं। सोमवार सुबह सीएम शिवराज ने स्मार्ट सिटी पार्क पहुंचकर इन कलाकारों के साथ पौधारोपण किया। मुख्य कार्यक्रम भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में शाम सात बजे रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा। इस गौरवमयी आयोजन के लिए राजधानी सज-धजकर तैयार हो चुकी है। स्टेडियम समेत बड़ा तालाब, वीआइपी रोड और अन्य मुख्य स्थानों पर विशेष साज-सज्जा की गई है।
वहीं अन्य सात शहरों इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, मंडला, बालाघाट और खरगोन में 'खेलो इंडिया' की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बता दें कि इससे पहले खेलो इंडिया यूथ गेम्स दिल्ली, पुणे, गुवाहाटी और पंचकुला में आयोजित हो चुके हैं। पहली बार इस आयोजन की मेजबानी का मौका मध्य प्रदेश को मिला है।
भोपाल में नौ खेल आयोजित होंगे
भोपाल में नौ प्रकार के खेल खेले जाएंगे, जबकि, इंदौर में छह, ग्वालियर में चार, जबलपुर में चार, उज्जैन और मंडला में दो-दो, बालाघाट और खरगोन में एक-एक खेल का आयोजन होगा। ट्रैक साइक्लिंग दिल्ली में होगी। 13 दिन तक राजधानी समेत मप्र के आठ शहरों में होने वाले इस भव्य आयोजन में देशभर के छह हजार युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहले दिन वालीबाल के मुकाबले से खेलों की शुरुआत होगी।
प्रदेश के 470 खिलाड़ी लेंगे भाग
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के मेजबान मध्यप्रदेश पर इस बार सभी की नजरें होंगी। पिछली बार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुए खेलो इंडिया गेम्स में मध्यप्रदेश ने 12 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ कुल 38 पदक लेकर आठवां स्थान प्राप्त किया था, जिसमें अधिकांश पदक अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते थे। मध्यप्रदेश इस बार खेलो इंडिया के सभी 27 खेल में भागीदारी कर रहा है। सभी खेलों के 470 सदस्यीय दल में अकादमी के 146 खिलाड़ी इस बार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री व केंद्रीय खेल मंत्री करेंगे शुभारंभ
तात्या टोपे स्टेडियम में दूधिया रोशनी में रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ 'खेलो इंडिया' की शुरुआत होगी। शाम सात बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर इसका शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, मप्र खेल एवं कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, ओडिशा के स्पोर्ट्स एवं यूथ वेलफेयर मंत्री तुषारकांति बेहरा और अरुणाचल प्रदेश के खेल मंत्री मामा नटुंग शामिल होंगे। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक दर्शक मौजूद रहेंगे।
स्टेज पर प्रदेश की धरोहरें आएंगी नजर
तात्या टोपे स्टेडियम के मुख्य मैदान पर लगभग 100 मीटर का स्टेज बनाया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया है। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, श्री महाकाल महालोक, सांची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर का किला बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में प्रख्यात टीवी कलाकार जय भानुशाली एंकरिंग करेंगे।
गायक शान प्रस्तुत करेंगे 'खेलो इंडिया' का थीम सांग
समारोह में मशहूर गायक शान, जिन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के थीम सांग को आवाज दी है, अपनी प्रस्तुति देंगे। गायिका नीति मोहन नर्मदा अष्टक की प्रस्तुति देंगी। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रम्स शिवामणि और ग्रुप द्वारा 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की प्रस्तुति 100 लोक कलाकारों के दल द्वारा दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त अभिलिप्सा पांडा द्वारा "हर हर शंभु" और नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति, प्रिंस डांस ग्रुप द्वारा जी-20 की "वसुधैव कुटुम्बकम" पर शानदार डांस प्रस्तुति होगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के शुभारंभ कार्यक्रम में लेजर शो, आतिशबाजी की रंगारंग प्रस्तुति भोपालवासियों को देखने को मिलेगी।
आंकड़ों में खेलो इंडिया
आयोजन - 13 दिन
खेल - 27
कुल पदक - 1906
कुल खिलाड़ी - 5812
नए खेल - तीन
श्रेणी - अंडर 18
कितने राज्य व केंद्र शासित प्रदेश - 36
सहयोगी स्टाफ - 1744
तकनीकी कर्मचारी - 1042
वालंटियर - 1600
शुभारंभ कार्यक्रम में दर्शक- 10 हजार