Begin typing your search above and press return to search.

कबड्डी

PKL 2021 Match 15: अंतिम रेड के साथ टाई पर समाप्त हुआ थलाइवाज, यू मुम्बा मुकाबला

एक समय 10 अंकों की लीड लेने के बावजूद मैच के अंतिम समय में पीछे चल रही तमिल थलाइवाज टीम ने यू मुम्बा के खिलाफ 30-30 से टाई खेला।

PKL 2021 Tamil Thalaivas vs U Mumba
X
By

Bikash Chand Katoch

Published: 27 Dec 2021 3:35 PM GMT

एक समय 10 अंकों की लीड लेने के बावजूद मैच के अंतिम समय में पीछे चल रही तमिल थलाइवाज टीम ने अपने डिफेंस के शानदाल खेल की बदौलत शेरेटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड, बेंगलुरू में जारी प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन के 15वें मैच में सोमवार को यू मुम्बा के खिलाफ 30-30 से टाई खेला।

मैच का फैसला अंतिम रेड पर हुआ। स्कोर 30-29 से मुम्बई के पक्ष में था। मैच के हीरो वी. अजीत (15 अंक) मैच की अंतिम रेड पर थे। यह डू ओर डाई रेड भी थी। वह बोनस लेकर जाना चाहते थे लेकिन थलाइवाज के डिफेंस ने उन्हें लपक लिया।

दोनों टीमों का यह तीसरा मैच था। इससे पहले, यू मुम्बा को एक मैच में हार और एक में जीत मिली थी जबकि थलाइवाज का पहला मुकाबला टाई रहा था। दूसरे मुकाबले में उसे हालांकि हार मिली थी। थलाइवाज अब तक दो टाई खेल चुके हैं।

अभिषेक सिंह ने मुम्बई के लिए पहले ही रेड में अंक लिया लेकिन थलाइवाज के डिफेंस ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी टीम को 5-2 की लीड दिला दी। मैच के छठे मिनट में ही थलाइवाज ने मुम्बई को आलआउट कर 10-2 की लीड ले ली।

थलाइवाज का डिफेंस शानदार खेल रहा था जबकि मुम्बई दोनों विभागों में पीछे थे। जल्द ही थलाइवाज ने 15-5 की लीड ले ली। यू मुम्बा ने एक रेड औऱ इस मैच के पहले टैकल प्वाइंट की मदद से स्कोर 7-15 कर दिया। इसके बाद अभिषेक ने एक और अंक हासिल कर स्कोर 8-15 कर दिया।

यह शायद मुम्बई की वापसी का समय था। थलाइवाज ने हालांकि एक और अंक लेते हुए स्कोर 16-8 कर दिया। पर आगे होना कुछ और ही था। वी. अजीत कुमार ने सुपर रेड (4 अंक) को अंजाम देते हुए मैच का रुख बदल दिया। स्कोर 11-18 कर दिया।

मुम्बई ने अगली रेड पर थलाइवाज को आलआउट कर स्कोर 14-16 कर दिया। पिछले पांच मिनट में मुम्बई ने नौ अंक हासिल किए जबकि थलाइवाज को सिर्फ एक अंक मिला। ब्रेक से पहले एक अंक लेकर थलाइवाज 17-14 स्कोर के साथ हाफ टाइम में गए।

थलाइवाज ने ब्रेक के बाद दो अंक हासिल करते हुए स्कोर 19-14 कर दिया। भवानी राजपूत ने थलाइवाज के लिए डू ओर डाई रेड लिया। बोनस आन नहीं था। भवानी ने दो अंक लेकर स्कोर 21-14 किया। यू मुम्बा के लिए सुपर टैकल आन था। मंजीत खाली वापस गए लेकिन अजीत ने अगली रेड पर एक अंक हासिल किया औऱ स्कोर 16-21 कर दिया। अजीत लगातार अंक बटोर रहे थे। उन्होंने अगली रेड पर अपना सुपर-10 पूरा किय और स्कोर 18-21 कर दिया।

मंजीत की अगली रेड डू ओर डाई थी। कप्तान फजल मैट पर नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में डिफेंडरों ने मंजीत को लपक कर स्कोर 19-21 कर दिया। एम. एस. अतुल ने हालांकि अगली रेड पर अंक लेकर स्कोर 22-19 कर दिया। अजीत फिर आए औऱ टीम को अंक दिलाया। फजल अब अहम मुकाम पर मैट पर थे। वह अब तक अपना खाता भी नहीं खोल सके हैं। अंतिम 10 मिनट बाकी रहते थलाइवाज 23-20 से आगे थे। ब्रेक के बाद अजीत ने डू ओर डाई रेड पर सागर कृष्णा को छकाते हुए स्कोर 21-23 कर दिया।

थलाइवाज के लिए सुपर टैकल आन था। अजीत आए और अंक लिया। स्कोर 22-23 हो गया। थलाइवाज का डू ओर डाई रेड था। अतुल आए थे। फजल ने उन्हें लपका लेकिन उनके साथियों ने सपोर्ट नहीं किया। स्कोर थलाइवाज के पक्ष में 25- 22 हो गया था।

अजीत ने हालांकि अपने 13वें अंक के साथ स्कोर 23-25 किया। अगली रेड पर थलाइवाज को आलआउट कर पहली बार इस मैच में 27-26 की लीड ले ली। फजल ने ब्रेक के बाद मंजीत को आउट कर अपना पहला टैकल प्वाइंट हासिल किया।

अतुल की अगली रेड पर थलाइवाज को दो अंक मिले जबकि एक अंक मुम्बा को मिला। स्कोर 28-29 था। अजीत ने अगली रेड पर अंक लेकर मुम्बई को 30-28 से आगे कर दिया। अजीत पवार ने थलाइवाज की अंतिम रेड पर एक अंक लिया। स्कोर 29-30 था।

अजीत मैच की अंतिम रेड पर थे। यह डू ओर डाई रेड भी थी। वह बोनस लेकर जाना चाहते थे लेकिन थलाइवाज के डिफेंस ने उन्हें लपक लिया। इस तरह यह मुकाबला 30-30 से टाई हुआ।

Next Story
Share it