Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

Hockey World Cup: राउरकेला में भारत के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन

इस स्टेडियम में पहला मैच 13 जनवरी 2023 को मेजबान भारत और स्पेन के बीच संध्या 7:00 बजे से खेला जाएगा

Hockey World Cup: राउरकेला में भारत के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन
X
By

Bikash Chand Katoch

Updated: 8 Jan 2023 10:45 AM GMT

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को यहां देश के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन किया। खचाखच भरे स्टेडियम के बीच में खड़े होकर पटनायक ने 13 जनवरी से शुरू होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 से पहले स्टेडियम के उद्घाटन की घोषणा की।

भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम के बाद राउरकेला विश्व कप का दूसरा आयोजन स्थल है। पटनायक ने कहा कि स्टेडियम पूरे देश के लिए ओडिशा का उपहार है। राउरकेला विश्व कप के 44 में से 20 मैचों की मेजबानी करेगा जबकि फाइनल सहित शेष 24 मैच कलिंग स्टेडियम में खेले जाएंगे।

स्टेडियम की कुल क्षमता 21 हजार दर्शकों की है और यह देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम है। यह स्टेडियम बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (बीपीयूटी) के परिसर में 15 एकड़ भूमि में फैला हुआ है।

पुरुष हॉकी विश्व कप का इस स्टेडियम में पहला मैच 13 जनवरी 2023 को मेजबान भारत और स्पेन के बीच संध्या 7:00 बजे एवं 15 जनवरी को भारत और इंग्लैंड के साथ संध्या 7:00 बजे से खेला जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नामकरण झारखंड के सपूत महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के नाम से किया गया है और इसको 146 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।

स्टेडियम का निर्माण ओडिशा औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (आईडीसीओ) द्वारा किया गया था। फरवरी 2021 में ओडिशा के मुख्यमंत्री द्वारा स्टेडियम की आधारशिला रखी गई थी।

राज्य लगातार दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। इस तरह का पहला आयोजन 2018 में किया गया था। यह चौथी बार होगा जब भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। स्टेडियम को दुनिया में सबसे बड़ा माना जाता है। यहां तक कि एफआईएच के प्रमुख मोहम्मद तैयब इकराम ने यहां अपनी यात्रा के दौरान उल्लेख किया था कि 'यह दुनिया में सबसे बड़े स्टेडियम में से एक है।'

मुख्य टर्फ के अलावा इसमें मुख्य स्टेडियम, फिटनेस सेंटर, हाइड्रोथेरेपी पूल, ड्रेसिंग और चेंजिंग रूम, कनेक्टिंग टनल और पांच सितारा आवास, 250 कमरे हैं जहां 400 खिलाड़ी रह सकते हैं। स्टेडियम में आने वालों के लिए प्रवेश और निकास के लिए छह द्वार हैं। इसके अलावा दो और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।

पटनायक ने 'ओडिशा रे हॉकी' (ओडिशा में हॉकी) नामक एक पुस्तक का भी अनावरण किया जिसे स्कूल और जन शिक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित किया गया है। पुस्तक सुंदरगढ़ में हॉकी के इतिहास और भारत के राष्ट्रीय खेल को बढ़ावा देने में ओडिशा की भूमिका से संबंधित है। पटनायक ने विशेष रूप से हॉकी विश्व कप मैच के दौरान परेशानी मुक्त आवाजाही के लिए राउरकेला में 30 वाहनों के साथ 'मो बस' (मेरी बस) सेवाओं का भी उद्घाटन किया।

Next Story
Share it