Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के दोनों कोचों को मिला एफआईएच साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार

महिला टीम की कोच शॉपमैन को कुल 38.2 प्रतिशत वोट मिले। वहीं पुरुष टीम के कोच रीड ने 31.4 प्रतिशत मतों के साथ चुनाव में शीर्ष स्थान हासिल किया हैं।

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के दोनों कोचों को मिला एफआईएच साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार
X
By

Pratyaksha Asthana

Updated: 6 Oct 2022 6:21 PM GMT

एफआईएच द्वारा दिए गए साल के पुरस्कारों में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम की कोच जेनेक शॉपमैन और ग्राहम रीड को वर्ष 2021-22 का सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार दिया गया हैं। महिला टीम की कोच शॉपमैन को कुल 38.2 प्रतिशत वोट मिले। वहीं पुरुष टीम के कोच रीड ने 31.4 प्रतिशत मतों के साथ चुनाव में शीर्ष स्थान हासिल किया हैं।

खास बात है कि यह लगातार दूसरी बार है जब रीड ने पुरस्कार जीता, जबकि भारतीय महिला टीम के पूर्व कोच सोजर्ड मारिन पिछले सीजन में एफआईएच महिला कोच ऑफ द ईयर पुरस्कार की विजेता थे।

साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार पाने वाले भारतीय टीम के दोनों कोचों ने पिछले कुछ सालों से पुरुष और महिला दोनों टीमों पर खूब ध्यान दिया, और भरोसा जताया है कि टीमें आगे चलकर बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

ऑस्ट्रेलियाई रीड के अगुआई में भारत कई नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है, जिसमें 41 साल के अंतराल के बाद 2021 में टोक्यो खेलों में अपना पहला ओलंपिक पदक (कांस्य) जीतना शामिल है। इसके अलावा भारतीय पुरुष टीम ने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक जीता था।

इतना ही नहीं भारत ने 2021-22 में FIH हॉकी प्रो लीग का अपना पहला पूर्ण सत्र खेला, और पोडियम पर एक अच्छा स्थान हासिल किया, जहां भारत नीदरलैंड और बेल्जियम के बाद तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं शॉपमैन के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 2021-22 सीज़न में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में पदार्पण किया और अविश्वसनीय परिणाम दिए, जहां भारतीय टीम जर्मनी, नीदरलैंड, स्पेन और अंतिम चैंपियन अर्जेंटीना (शूट-आउट में) पर जीत के साथ तीसरे स्थान पर रही।

गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम ने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पोडियम पर 16 साल में पहली बार शूट-आउट में कांस्य पदक मैच में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच डाला।

Next Story
Share it