Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

पुुरुष हॉकी प्रो लीग के लिये 20 सदस्यीय टीम घोषित

भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह करेंगे

पुुरुष हॉकी प्रो लीग के लिये 20 सदस्यीय टीम घोषित
X
By

Bikash Chand Katoch

Updated: 28 Feb 2023 9:28 AM GMT

हॉकी इंडिया ने विश्व चैंपियन जर्मनी और विश्व नंबर चार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राउरकेला में होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) पुरुष हॉकी प्रो लीग मुकाबलों के लिये 20-सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा सोमवार को की।

भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जिन्होंने पिछले साल अक्टूबर और नवंबर में स्पेन और न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रो लीग 2022-2023 मैचों के दौरान भारतीय टीम को कप्तान के रूप में महत्वपूर्ण जीत दिलाई थी। मिडफील्डर हार्दिक सिंह टीम के उपकप्तान होंगे।

टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और युवा पवन शामिल हैं, जिन्होंने कृष्ण बहादुर पाठक की जगह ली है। पाठक अपनी शादी के कारण टीम से बाहर रहेंगे।

प्रो लीग मुकाबलों में भारतीय डिफेंस की जिम्मेदारी हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, नीलम संजीप सेस, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, मंजीत और मनप्रीत सिंह पर होगी। विवेक सागर प्रसाद, मोइरंगथम रविचंद्र सिंह, विष्णुकांत सिंह, दिलप्रीत सिंह, शमशेर सिंह और राजकुमार पाल मिडफील्ड में हार्दिक का साथ देंगे। एस कार्ती, सुखजीत सिंह, अ‌‌‌भिषेक और गुरजंत फॉरवर्ड पंक्ति संभालेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के डेविड जॉन और बीजे करियप्पा को शिवेंद्र सिंह के साथ आगामी मैचों के लिए अंतरिम कोच के रूप में नामित किया गया है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने टीम में ऐसे युवा खिलाड़ियों को तरजीह दी है जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर अच्छी प्रगति कर रहे हैं। इन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव रखने वाले दिग्गज खिलाड़ियों का मार्गदर्शन मिलेगा।

जिन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन नहीं हुआ है, उन्हें रविवार से बेंगलुरु में शुरू हुई तीसरी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2023 में खेलने के लिए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर से मुक्त कर दिया गया है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने जारी बयान में कहा, ‘‘राउरकेला में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में टीम अंतरिम कोच के देख रेख में खेलेगी। टीम तब तक अंतरिम कोच के देखरेख में खेलेगी जब तक हॉकी इंडिया नए मुख्य कोच की घोषणा नहीं कर देता।’’

भारत का पहला मुकाबला 10 मार्च को विश्व चैंपियन जर्मनी से होगा, जबकि 11 मार्च को जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया 12 मार्च को एक दूसरे का मुकाबला करेंगे जबकि 13 मार्च को भारत दूसरी बार जर्मनी के खिलाफ खेलेगा। इसके अगले दिन 14 मार्च को जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर भिड़ेंगे जबकि इस शृंखला के आखिरी मैच में 15 मार्च को भारत दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा।

एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 के लिये भारतीय पुरुष टीम :

गोलकीपर: श्रीजेश परट्टू रवींद्रन, पवन

डिफेंस: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जुगराज सिंह, नीलम संजीप सेस, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, मनजीत, मनप्रीत सिंह

मिडफ़ील्डर: हार्दिक सिंह (उपकप्तान), विवेक सागर प्रसाद, मोइरांगथेम रविचंद्र सिंह, विष्णुकांत सिंह, दिलप्रीत सिंह, शमशेर सिंह, राज कुमार पाल

फॉरवर्ड: एस कार्ती, सुखजीत सिंह, अभिषेक, गुरजंत सिंह।

Next Story
Share it