Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

Hockey World Cup Day 2: बेल्जियम ने कोरिया और नीदरलैंड ने मलेशिया को रौंदा, न्यूजीलैंड और जर्मनी ने भी हासिल की जीत

न्यूजीलैंड ने पूल-सी मुकाबले में चिली को 3-1 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की

Netherlands Hockey Team
X

नीदरलैंड हॉकी टीम 

By

Bikash Chand Katoch

Published: 14 Jan 2023 4:54 PM GMT

संघर्ष के बावजूद चिली की हार

एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के दूसरे दिन का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड बनाम चिली के बीच खेला गया। न्यूजीलैंड ने सैम हीहा के दो गोलों की बदौलत शनिवार को पूल-सी मुकाबले में चिली को 3-1 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में सैम लेन (10वां) और सैम हीहा (12वां, 19वां मिनट) ने न्यूजीलैंड के लिये गोल किये। चिली ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए गेंद को अपने कब्जे में रखा, हालांकि इग्नासियो कोंट्रार्डो (50वां मिनट) के अलावा कोई भी उनके लिये गोल नहीं कर सका।

अपना पहला विश्व कप खेल रही चिली की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। न्यूजीलैंड ने उनके कमजोर रक्षण पर पहले मिनट से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। न्यूजीलैंड के पहले हमले को रोकने में चिली कामयाब रही, लेकिन लेन ने 10वें मिनट में गोल करके ब्लैक स्टिक्स को बढ़त दिला दी। चिली की समस्याएं यहां भी खत्म नहीं हुईं और हीहा ने दो मिनट बाद फील्ड गोल करके न्यूजीलैंड की बढ़त दोगुनी कर दी।

चिली को दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में दो पेनल्टी मिलीं लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सका। इस बीच न्यूजीलैंड ने अपना आक्रमण जारी रखा और हीहा ने 19वें मिनट में साइमन चाइल्ट के शानदार पास की मदद से अपना दूसरा गोल दाग दिया।

मैच के 50वें मिनट में चिली की फॉरवर्ड पंक्ति ने गेंद के साथ न्यूजीलैंड के डी में प्रवेश कर लिया। कीवी गोलकीपर लियोन हेवर्ड गेंद को रोकने के लिये आगे आये मगर कोंटार्डो ने उन्हें छकाकर गोल दाग दिया और कोंटार्डो विश्व कप में चिली के लिये पहला गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गये। मुकाबले की समाप्ति से पहले चिली ने एक और पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया मगर उसे गोल में तब्दील न करने के कारण वह दो गोल के अंतर से हारे।

न्यूजीलैंड इस जीत के साथ पूल-सी में पहले स्थान पर आ गया है।

नीदरलैंड ने मलेशिया को 4-0 से हराया

एफआईएच ओडिशा हॉकी विश्व कप 2023 में 14 जनवरी को दिन का दूसरा मुकाबला विश्व की नंबर 3 टीम नीदरलैंड और 11वें नंबर की टीम मलेशिया के बीच खेला गया। तीन बार के चैंपियन नीदरलैंड ने पूल सी मैच में मलेशिया को 4-0 से हराकर तेज शुरुआत की।

नीदरलैंड, जिन्होंने 1973, 1990 और 1998 के संस्करणों में खिताब जीता था, ने दूसरी तिमाही में दो बार स्कोर किया, तीसरे क्वार्टर में कुछ अच्छे हमलों से बचे और फिर चौथे क्वार्टर में दो और गोल किए और उन्होंने विजयी नोट पर अपना अभियान शुरू किया। .

कोच जीरो डेल्मी की टीम ने धीमी शुरुआत की और पहले क्वार्टर में गोल रहित होने के बाद ही आगे बढ़ी। थिज वैन डैम ने 19वें मिनट में मैदानी गोल से अपना खाता खोला और चार मिनट बाद जिप जैनसेन ने पेनल्टी स्ट्रोक में गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया, जिससे नीदरलैंड ने हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त बना ली थी।

मलेशिया ने तीसरे क्वार्टर में एक्सचेंजों से बेहतर प्रदर्शन किया। उसे तीन पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वह मौके का फायदा नहीं उठा सका। नीदरलैंड की टीम के लिए चौथे क्वार्टर में 46वें मिनट में ट्यून बींस ने चौथा गोल किया और यह उनका पहला इंटरनेशनल गोल रहा। इसके बाद नीदरलैंड के जोरिट क्रून ने अंतिम मिनटों में टीम के लिए चौथा गोल कर दिया।

नीदरलैंड ने तीन पेनल्टी कार्नर अर्जित किए और एक को गोल में बदला जबकि जानसेन ने अपना एकमात्र पेनल्टी स्ट्रोक लगाया। मलेशिया को तीन पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन सब व्यर्थ गया।

गत चैंपियन बेल्जियम ने कोरिया को 5-0 से रौंदा

विश्व चैंपियन बेल्जियम ने शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के एकतरफा मुकाबले में एशियाई चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-0 से पछाड़कर अपना अभियान शुरू किया। कलिंगा स्टेडियम पर खेले गये ग्रुप-बी मुकाबले में बेल्जियम के लिये एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स (31वां) और फ्लोरेंट ऑबेल (50वां) ने पेनल्टी पर गोल किये, जबकि टॉन्गी कोसिन्स (43वां), सेबेस्टियन डोकियर (52वां मिनट) और आर्थर स्लूवर (58वां मिनट) ने फील्ड गोल जमाये।

टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीतने के बाद अपना पहला बड़ा टूर्नामेंट खेल रही बेल्जियम ने मुकाबले में प्रभावी शुरुआत की, हालांकि कोरिया ने उसे कड़ी टक्कर देते हुए पहले क्वार्टर में गोल नहीं करने दिया। कोरिया के रक्षण ने दूसरे क्वार्टर में भी बेल्जियम को खाता नहीं खोलने दिया, हालांकि कोरियाई फॉरवर्ड पंक्ति ने खुद भी गोल दागने के कई मौके गंवाये। हाफ टाइम तक स्कोर शून्य ही रहा।

बेल्जियम ने तीसरे क्वार्टर की सीटी बजते ही आक्रामकता दिखाई और पहले मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर अर्जित कर लिये। हेंड्रिक्स ने दूसरी पेनल्टी पर गेंद को नेट में पहुंचाकर बेल्जियम को शुरुआती बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति से दो मिनट पहले बेल्जियम के खिलाड़ी गेंद के साथ कोरियाई गोल के पास इकट्ठा हो गये। एंटोइन किना ने बाईं ओर से गोल पर निशाना साधा, जो कोसिन्स की हॉकी स्टिक से जाकर नेट में समा गया।

बेल्जियम ने मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद आखिरी क्वार्टर में गोल का तांता बांध दिया। फ्लोरेंट ने 50वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, जबकि दो मिनट बाद सेबैस्टियन ने दो मिनट बाद फील्ड गोल से अपनी टीम की बढ़त चौगुनी कर दी। मैच खत्म होने से दो मिनट पूर्व स्लूवर के गोल ने कोरिया के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। बेल्जियम इस दमदार जीत के साथ पूल-बी में पहले स्थान पर आ गया है।

जर्मनी ने जापान को 3-0 से धो डाला

दो बार की विश्व चैंपियन जर्मनी ने शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के पूल-बी मुकाबले में जापान को 3-0 से परास्त करके अपने अभियान का जोरदार आगाज किया। कलिंगा स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में विजेता टीम के गोल मैट्स ग्रैम्बुश (36वें मिनट), क्रिस्टोफर रूर (41वां) और थीएस प्रिंस (49वां मिनट) ने किये।

जापान के खिलाफ मैच में जर्मनी को काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन इस टीम ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाया और 3-0 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। पहले हाफ में दोनों टीमों का स्कोर 0-0 से बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में जर्मन टीम लय में आई और एक के बाद एक तीन गोल कर बेहतरीन जीत दर्ज की। मैच का पहला गोल गैंबुश ने पेनल्टी कॉर्नर में किया था, लेकिन इसके बाद जर्मनी ने दो मैदानी गोल कर अपनी जीत पक्की कर ली। इस मैच में जर्मनी को कुल 7 पेनल्टी कार्नर मिले जबकि जापान को सिर्फ एक पेनल्टी कार्नर मिला था।

Next Story
Share it