हॉकी
हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 20 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा की
शीर्ष गोलकीपर सविता टीम की कप्तानी करेंगी और अनुभवी डिफेंडर डीप ग्रेस एक्का वाइस कैप्टन

भारतीय महिला हॉकी टीम
हॉकी इंडिया ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 मई 2023 से एडिलेड में होने वाली तीन मैचों की सीरीज के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। भारतीय टीम अपने इस दौरे में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भी दो मैच खेलेगी। यह दौरा महत्वपूर्ण हांगझू एशियाई खेलों 2023 से पहले टीम की तैयारियों का हिस्सा होगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का नेतृत्व शीर्ष गोलकीपर सविता करेंगी जिन्हें हाल ही में बलबीर सिंह सीनियर हॉकी इंडिया प्लेयर ऑफ द ईयर (2022) पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उप कप्तान के रूप में दीप ग्रेस एक्का द्वारा उनकी सहायता की जाएगी। बिछु देवी खारीबम दूसरी गोलकीपर हैं जिन्हें डिफेंडर्स दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, उदिता और गुरजीत कौर के साथ टीम में शामिल किया गया है। मिडफील्डर्स में निशा, नवजोत कौर, मोनिका, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, ज्योति और बलजीत कौर शामिल हैं।
भारत की फॉरवर्ड लाइन का नेतृत्व अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया करेंगी, जिनके पास 250 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय कैप हैं। उनके साथ लालरेमसियामी, संगीता कुमारी और शर्मिला देवी भी होंगी।
टीम चयन के बारे में बात करते हुए, मुख्य कोच जनेके स्कोपमैन ने कहा, ‘‘दो कड़े अभ्यास सत्र के बाद हम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने को लेकर उत्साहित हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम बेहद मजबूत है और हम आक्रामक हॉकी खेलना पसंद करेंगे। हमारी कड़ी परीक्षा होगी और हम अपनी रक्षा पंक्ति को मजबूत रखकर उनकी तेजी और आक्रामकता की बराबरी करना चाहेंगे।''
भारत 18, 20 और 21 मई को ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगा जबकि इसके बाद 25 और 27 मई को ऑस्ट्रेलिया ए से भिड़ेगा। सभी पांचों मैच एडिलेड के मेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
भारतीय टीम:
1. सविता (कप्तान)
2. बिछु देवी खरीबम
डिफेंडर:
3. दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान)
4. निक्की प्रधान
5. इशिका चौधरी
6. उदिता
7. गुरजीत कौर
मिडफ़ील्डर:
8. निशा
9. नवजोत कौर
10. मोनिका
11. सलीमा टेटे
12. नेहा
13. नवनीत कौर
14. सोनिका
15. ज्योति
16. बलजीत कौर
फॉरवर्ड:
17. लालरेमसियामी
18. वंदना कटारिया
19. संगीता कुमारी
20. शर्मिला देवी