Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड ने दिया इस्तीफा

रीड के कोच रहते टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम ओडिशा में हुए विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी

Graham Reid Hockey
X

ग्राहम रीड

By

Bikash Chand Katoch

Published: 30 Jan 2023 11:44 AM GMT

विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड और सहयोगी स्टाफ के दो अन्य सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। ओडिशा में खेले गए पुरुष हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वह क्वार्टरफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई थी। रीड के अलावा विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बरटन ने भी त्यागपत्र दे दिया है।

इन तीनों के इस्तीफे को हॉकी इंडिया ने स्वीकार कर लिया है। इस्तीफा देने के बाद तीनों अगले महीने नोटिस पीरियड में रहेंगे।

रीड के कोच रहते टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम ओडिशा में हुए विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी और नौवें स्थान पर रही जहाँ जर्मनी बेल्जियम को पेनल्टी शूट-आउट में हराकर चैंपियन के रूप में उभरा।

हॉकी इंडिया द्वारा जारी बयान के अनुसार रीड ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को विश्व कप खत्म होने के एक दिन बाद इस्तीफा सौंपा । टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर चर्चा के लिये रीड और अन्य सहयोगी स्टाफ से मुलाकात की थी।

रीड ने कहा, "अब समय आ गया है कि मैं हट जाऊं और अगले प्रबंधन को शासन सौंप दूं. भारतीय टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है और मैंने मैंने इस शानदार यात्रा के हर पल का आनंद लिया है. मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं।''

रीड और उनकी टीम के साथ भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एफआईएच प्रो लीग 2021-22 सत्र में तीसरा स्थान हासिल किया। रीड के कोच रहते भारतीय टीम ने 2019 में एफआईएच विश्व सीरिज फाइनल्स जीता था। इसके बाद भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालीफायर जीतकर टोक्यो खेलों के लिये क्वालीफाई किया।

रीड समेत तीनों के इस्तीफे स्वीकार करते हुए हॉकी इंडिया अध्यक्ष टिर्की ने कहा, ''ग्राहम रीड और उनकी टीम का भारत सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने हमें अच्छे नतीजे दिये। खासकर ओलंपिक खेल में। हर यात्रा में नये पड़ाव आते हैं और अब हमें भी टीम के लिये नयी सोच के साथ आगे बढना होगा।''

Next Story
Share it