Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की बने हॉकी इंडिया के नए अध्यक्ष

15 सालों तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाला यह खिलाड़ी निर्विरोध अध्यक्ष गया

dilip tirkey hockey
X

दिलीप टिर्की 

By

Bikash Chand Katoch

Updated: 23 Sep 2022 2:03 PM GMT

भारत के पूर्व कप्तान और ओलिंपियन दिलीप टिर्की को चुनाव में कोई चुनौती नहीं मिली और वह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।

भारत के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की को हॉकी इंडिया का नया अध्यक्ष चुना गया है। 15 सालों तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाला यह खिलाड़ी निर्विरोध अध्यक्ष गया। उनके खिलाफ खड़े सभी प्रतिद्वंदियों ने अपना नाम वापस ले लिया जिसके बाद टिर्की को अध्यक्ष चुना गया। टिर्की फिलहाल ओडिशा हॉकी प्रमोशन काउंसिल के चैयरपर्सन हैं। वह इससे पहले राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।

टिर्की ने 18 सितंबर को अपना नामांकन भरा था. उनका सामना उत्तर प्रदेश हॉकी अध्यक्ष राकेश कत्याल और झारखंड हॉकी के अध्यक्ष के भोला नाथ से था। हालांकि दोनों ने ही नाम वापस ले लिया। भोला नाथ नेशनल स्तर के रेसलर रहे हैं लेकिन लह टिर्की के खिलाफ उतरना नहीं चाहते थे। उन्होंने टिर्की को पूरा समर्थन दिया और नाम वापस ले लिया। टिर्की के अलावा भोला नाथ सिंह को महासचिव चुना गया।

निर्विरोध चुने गए अन्य पदाधिकारियों में हॉकी जम्मू कश्मीर की आसिमा अली (उपाध्यक्ष), कर्नाटक के एसवीएस सुब्रमण्या गुप्ता (उपाध्यक्ष), तमिलनाडु हॉकी के शेखर जे मनोहरन (कोषाध्यक्ष), हॉकी राजस्थान की आरती सिंह (संयुक्त सचिव) और हॉकी हरियाणा के सुनील मलिक (संयुक्त सचिव) शामिल हैं। कार्यकारी बोर्ड के पांच सदस्यों में अरूण कुमार सारस्वत (हॉकी राजस्थान), असरिता लाकड़ा (हॉकी झारखंड), गुरप्रीत कौर (दिल्ली हॉकी), वी सुनील कुमार (केरल हॉकी) और तपन कुमार दास (असम हॉकी) शामिल हैं ।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने टिर्की और उनकी टीम के चुनाव को मंजूरी दे दी है। एफआईएच ने एक पत्र में लिखा कि जब किसी पद के लिये उम्मीदवार पद की संख्या से कम या बराबर हों तो माना जाता है कि उन्हें निर्विरोध चुना गया है ।इसमें कहा गया, ''इसलिये हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि हॉकी इंडिया का कार्यकारी बोर्ड चुन लिया गया है जिसकी जानकारी हॉकी इंडिया की वेबसाइट पर है और सभी पदों के लिये चुनाव निर्विरोध हुए।''

अध्यक्ष चुने जाने के बाद टिर्की ने ट्विटर पर एफआईएच को चुनावों का आयोजन करने के लिए धन्यवाद कहा और वादा किया कि वह अपनी जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएंगे। अध्यक्ष बनने के बाद न्यूज 9 से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हमें अच्छा काम करना जारी रखना है जैसे पिछले सदस्यों ने किया। भारत ने ओलिपिंक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और अब हम वर्ल्ड कप फाइनल खेलने के लिए बेताब है। भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वर्ल्ड कप पर हमारी नजरे हैं।"

Next Story
Share it