Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

हॉकी इंडिया अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा दिलीप टिर्की ने

दिलीप टिर्की ने 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में 412 मैच के साथ सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच का भारतीय रिकॉर्ड बनाया है।

dilip tirkey hockey
X

दिलीप टिर्की

By

Bikash Chand Katoch

Published: 18 Sep 2022 11:34 AM GMT

भारत के पूर्व कप्तान और ओलंपियन दिलीप टिर्की ने रविवार को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा। नामांकन पत्र जमा करने के बाद टिर्की ने कहा कि उनका उद्देश्य इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

टिर्की ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ''आप सभी की शुभकामनाओं के साथ हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है। मैं भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।''

भारतीय टीम के पूर्व फुल बैक 44 वर्षीय टिर्की को बीजू जनता दल के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुना गया था। इससे पहले वह ओडिशा पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष थे। वर्तमान में वह ओडिशा हॉकी संवर्धन परिषद के अध्यक्ष हैं।

टिर्की 1998 बैंकाक एशियाई खेलों में स्वर्ण और 2012 में बुसान एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा, उन्होंने 2003 एशिया कप में कुआलालंपुर और 2007 में चेन्नई में दो स्वर्ण पदक जीते और 1999 में कांस्य भी जीता। टिर्की भारतीय हॉकी में सबसे प्रिय शख्सियतों में से एक हैं। उन्होंने 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में 412 मैच के साथ सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच का भारतीय रिकॉर्ड बनाया है।

हॉकी इंडिया के चुनाव नौ अक्टूबर को होंगे जिसके लिए बिहार सरकार के पूर्व चुनाव अधिकारी अजय नायक को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस साल अगस्त में, हॉकी इंडिया ने अजय नायक को हॉकी इंडिया चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था। नायक बिहार सरकार के पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त एके मजूमदार को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Next Story
Share it