Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

FIH nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया

दुनिया की आठवें नंबर की टीम भारत ने नौ अंक से पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया

FIH nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया
X
By

Bikash Chand Katoch

Published: 14 Dec 2022 4:49 PM GMT

पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को एफआईएच नेशन्स कप में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की जिससे वह पूल में शीर्ष पर रही। सेमीफाइनल में भारत का सामना आयरलैंड के खिलाफ होगा, जो शुक्रवार को खेला जाएगा। भारत के लिये दीप ग्रेस एक्का ने 14वें और गुरजीत कौर ने 59वें मिनट में गोल दागे। इस के साथ टीम पूल बी के सभी मैच जीतने में सफल रही।

सविता पुनिया की अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने शुरुआत से ही मैदान पर अपने दबदबे को बरक़रार रखा और और मुक़ाबले के 14वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर को दीप ग्रेस एक्का ने गोल में तब्दील कर अपना और टीम का खाता खोला। हाफ टाइम के बाद दोनों टीमें गोल की तलाश में नज़र आईं। अफ़्रीकी टीम अपने पहले गोल के लिए मैदान के चारों ओर दौड़ लगाती हुई दिखाई दी लेकिन अंत में भारतीय टीम के डिफ़ेंस के आगे उन्हें एक भी मौक़ा नहीं मिला। मैच के चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने एक शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जब गुरजीत कौर ने मैच के आखिरी क्षणों में एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम के स्कोर को 2-0 पर पहुंचाया।

दुनिया की आठवें नंबर की टीम भारत ने नौ अंक से पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने इससे पहले मैचों में चिली को 3-1 से और जापान को 2-1 से शिकस्त दी थी। आठ टीमों का यह टूर्नामेंट भारत के लिये काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 'प्रोमोशन-रेलीगेशन' की प्रणाली आरंभ करेगा। इसमें चैम्पियन टीम को 2023-24 एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में 'प्रोमोट' किया जायेगा जो अगले साल होने वाले एशियाई खेलों तथा 2024 पेरिस ओलंपिक के लिये अहम टूर्नामेंट होगा।

Next Story
Share it