Begin typing your search above and press return to search.

हॉकी

दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन भारतीय पुरूष हॉकी टीम के नए कोच बने

हॉकी इंडिया ने 10 मार्च से एफआईएच हॉकी प्रो लीग के घरेलू मैचों से पहले यह घोषणा की

Craig Fulton coach
X

 क्रेग फुल्टन

By

Bikash Chand Katoch

Updated: 3 March 2023 7:34 AM GMT

टोक्यो ओलंपिक चैम्पियन बेल्जियम के सहायक कोच रहे दक्षिण अफ्रीका के क्रेग फुल्टन भारतीय पुरूष हॉकी टीम के नये कोच होंगे। भुवनेश्वर और राउरकेला में जनवरी में हुए विश्व कप में भारतीय टीम के क्वार्टर फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाने के बाद तत्कालीन कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया था। रीड के कोच रहते ही भारत ने टोक्यो ओलंपिक में 41 वर्ष बाद कांस्य पदक जीता था। हॉकी इंडिया ने 10 मार्च से एफआईएच हॉकी प्रो लीग के घरेलू मैचों से पहले शुक्रवार को यह घोषणा की।

दक्षिण अफ्रीका के 48 वर्ष के क्रेग फुल्टन के पास कोचिंग में 25 सालों का अनुभव है। वह औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द टीम से जुड़ेंगे। नेतृत्व में विश्वास रखने वाले फुल्टन ने अपनी पिछली भूमिकाओं में शानदार परिणाम दिए हैं। उनका नाम चर्चा में 2014 से 2018 के बीच में आया था। तब वह आयरलैंड की टीम के कोच थे। उनकी कोचिंग में आयरिश पुरुष टीम ने 2016 ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया था। 100 सालों में पहली बार आयरिश टीम ओलंपिक में शामिल हुई थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्हें 2015 में एफआईएच कोच ऑफ द ईयर भी चुना गया था।

इसके बाद उन्होंने तत्कालीन ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम के साथ सहायक कोच के रूप में काम किया। तब बेल्जियम की टीम ने टोक्यो में स्वर्ण पदक जीता था। वह उस बेल्जियम टीम के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा थे, जिसने भुवनेश्वर में 2018 में विश्व कप जीता था। बेल्जियम लीग जीतने वाली बेल्जियम क्लब को कोचिंग देने के बाद उन्हें 2023 में बेल्जियम का बेस्ट कोच घोषित किया गया था। विश्व हॉकी में बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम के शानदार प्रदर्शन में उनका योगदान काफी रहा। टीम 2018 में विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर थी। अब वह तीसरे पायदान पर काबिज है।

दक्षिण अफ्रीकी टीम के साथ एक हॉकी खिलाड़ी के रूप में फुल्टन ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10 सालों में 195 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। उन्होंने अटलांटा ओलंपिक 1996 और एथेंस ओलंपिक 2004 में अपनी घरेलू टीम दक्षिण अफ्रीका के लिए खेला है। फुल्टन ने विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में भी खेला है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने यहां जारी एक बयान में फुल्टन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा, ‘"मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरूष टीम के लिए क्रेग फुल्टन को मुख्य कोच चुना है। मैं उनके खिलाफ खेल चुका हूं और अब भारतीय टीम के नए दौर में उनके साथ काम करूंगा।" उन्होंने कहा, "उनके पास अपार अनुभव है और उनकी कार्यशैली टीमों में आत्मविश्वास बढ़ाती है। मैं भारत में उनका स्वागत करता हूं।" वहीं फुल्टन ने कहा, "भारतीय हॉकी टीम का मुख्य कोच बनना सम्मान की बात है। भारत का हॉकी में सुनहरा इतिहास रहा है और मैं मौजूदा टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहता हूं जिसमें कई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं।"

Next Story
Share it