Begin typing your search above and press return to search.

ताजा खबर

टोक्यो टेस्ट इवेंट: भारत ने न्यूज़ीलैंड को शानदार अंदाज़ में हराकर जीता ख़िताब

भारत ने ग्रुप स्टेज में कीवियों से मिली हार का हिसाब बराबर किया

टोक्यो टेस्ट इवेंट: भारत ने न्यूज़ीलैंड को शानदार अंदाज़ में हराकर जीता ख़िताब
X
By

Syed Hussain

Published: 21 Aug 2019 4:43 AM GMT

टोक्यो टेस्ट इवेंट में भारतीय हॉकी टीम ने न्यूज़ीलैंड से ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला बेहतरीन ढंग से फ़ाइनल में लिया। टोक्यो में खेले गए ख़िताबी मुक़ाबले में भारतीय हॉकी टीम ने कीवियों को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1164033900072488961?s=20

भारत ने अपने इरादे 7वें मिनट में साफ़ कर दिए थे, जब हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि पहले क्वार्टर में फिर कोई गोल नहीं देखने को मिला और भारत ने 1-0 की बढ़त के साथ पहला क्वार्टर ख़त्म किया।

दूसरा क्वार्टर तेज़ गर्मी की वजह से थोड़ा देर से शुरू हुआ लेकिन टीम इंडिया के जज़्बे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार इसे शमशेर सिंह ने गोल में तब्दील कर दिया। कुछ ही मिनट बाद निकान्ता ने एक बेहतरीन गोल करते हुए इस फ़ासले को 3-0 से भारत के पक्ष में कर दिया था। अभी न्यूज़ीलैंड इन झटकों से उबरा भी नहीं था कि विवेक के शानदार पास पर गुरसाहिबजीत ने भारत को 4-0 की बढ़त दिला दी। जब गोलों की बारिश हो रही हो तो फिर मंदीप सिंह कैसे पीछे रहते हाफ़ टाइम से ठीक पहले मंदीप के गोल ने भारत को 5-0 से आगे कर दिया था। हाफ़ टाइम तक भारत की इस 5-0 की बढ़त ने साफ़ कर दिया था कि अब कीवियों का कचूमर निकलना तय है।

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1164022431448571904?s=20

हालांकि तीसरे क्वार्टर में गोलों की इस बारिश पर विराम लगा और इस क्वार्टर में किसी भी टीम की तरफ़ से कोई गोल नहीं हो सका। चौथे क्वार्टर में कीवियों को ये समझ आ चुका था कि अब भारत को जीत से वंचित करना नामुमकिन के क़रीब है, फिर भी उन्होंने कोशिश जारी रखी और गोलकीपर को हटाते हुए अब मैच में 11 खिलाड़ियों के साथ आक्रमण करने की नीति बनाई।

इसका कोई असर न भारत पर हुआ और न ही मैच के नतीजे पर टीम इंडिया ने मुक़ाबला 5-0 से जीतते हुए टोक्यो टेस्ट इवेंट पर भी धमाकेदार अंदाज़ में कब्ज़ा जमा लिया।

आज भारतीय महिला हॉकी टीम का भी ख़िताबी मुक़ाबला होना है, जहां टीम इंडिया के सामने मेज़बान जापान की चुनौती होगी। भारतीय महिला टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अनबिटेन रही है।

Next Story
Share it