Begin typing your search above and press return to search.

ताजा खबर

FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स: पहले मैच में रूस को शिकस्त देकर भारत टोक्यो 2020 में जगह बनाने के बेहद क़रीब

FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स: पहले मैच में रूस को शिकस्त देकर भारत टोक्यो 2020 में जगह बनाने के बेहद क़रीब
X
By

Syed Hussain

Published: 1 Nov 2019 4:12 PM GMT

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में भारत और रूस के बीच शुक्रवार को खेले गए FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के पहले मैच में टीम इंडिया ने 4-2 से जीत हासिल करते हुए टोक्यो 2020 ओलंपिक में जगह बनाने के बेहद क़रीब पहुंच चुके हैं। भारत के लिए इस मैच में दो गोल मनदीप ने किए जबकि एक-एक गोल सुनील और हरमनप्रीत के नाम रहा। उम्मीद के विपरित रूस का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा रहा, क्योंकि इससे पहले की दो भिड़ंत में भारत ने रूस को 8-0 और 10-0 से शिकस्त दी थी।

भारतीय महिला टीम ने भी इससे पहले अमेरिका को 5-1 से दी थी करारी मात

पहला क्वार्टर भारत 1 रुस 0

इस मैच में उम्मीद के मुताबिक़ भारतीय पुरुष टीम ने शुरुआत तो धमाकेदार अंदाज़ में की थी जब पांचवें मिनट में भारत को रूस की ग़लती की वजह से पेनल्टी स्ट्रोक मिला और उसे हरमनप्रीत सिंह ने गोल में तब्दील करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी थी। हालांकि इसके बाद वर्ल्ड रैंकिंग में 22वें नंबर पर मौजूद रूस ने विश्व की पांचवीं रैंकिंग की टीम को कड़ी टक्कर दी। तीन बार ऐसा मौक़ा आया जब पहले क्वार्टर में रूस गोल करने के क़रीब था, लेकिन तीनों ही बार भारतीय गोलकीपर श्रीजेश ने भारत को झटका नहीं लगने दिया।

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1190281511112626176?s=20

दूसरा क्वार्टर (हाफ़ टाइम) भारत 2 रूस 1

भारतीय रक्षापंक्ति की तरफ़ से दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में एक बड़ी ग़लती हुई जिसका फ़ायदा उठाते हुए रूस ने अपना पहला गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया था। ये गोल आंद्रे कुराएव ने 17वें मिनट में किया, हालांकि तुरंत ही मनदीप सिंह ने एक शानदार गोल करते हुए एक बार फिर बढ़त भारत को दिला दी थी। लेकिन उम्मीदों के विपरित रूस ने भारत को ख़ूब परेशान किया और कई बार बेहतरीन आक्रमण भी किया। दूसरे क्वार्टर के ख़त्म होने के बाद भारत की इस मैच में अब बढ़त 2-1 की थी।

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1190289847803506689?s=20

तीसरा क्वार्टर भारत 2 रूस 1

रूस ने तीसरे क्वार्टर में बेहतरीन खेल का मोज़ाएहरा पेश किया, इस क्वार्टर में ज़्यादातर वक़्त गेंद पर रूस का ही कब्ज़ा था। एक समय तो रूस की टीम स्कोर बराबर करने के भी क़रीब आ गई थी, लेकिन टीम इंडिया ने किसी तरह गोल बचा लिया। इस क्वार्टर में मनदीप को अगर छोड़ दें तो दूसरे किसी भी खिलाड़ी ने प्रभावित नहीं किया, यही वजह थी कि भारत तीसरे क्वार्टर के बाद भी 2-1 से ही आगे रहा और इस क्वार्टर में कोई गोल नहीं हो पाया।

चौथा क्वार्टर (फ़ुल टाइम) भारत 4 रूस 2

भारत ने पिछले क्वार्टर में की हुई ग़लतियों से सबक़ लिया और चौथे क्वार्टर की शुरुआत एस वी सुनील ने शानदार अंदाज़ में की और अपना पहला गोल करते हुए भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद टीम इंडिया ने अपना दबदबा लगातार क़ायम रखा, हालांकि रूस लगातार इस बढ़त को कम करने की कोशिश में लगा था लेकिन तभी सुनील और मनप्रीत के शानदार पास को मनदीप ने गोल में तब्दील करते हुए भारत को 4-1 से आगे कर दिया था। मनदीप का इस मैच में ये दूसरा गोल था, यहां से रूस के लिए मुश्किलें बढ़ गईं थी, हालांकि आख़िरी लम्हों में रूस ने एक और गोल करते हुए हार के अंतर को कम किया और वही हुआ जैसे ही व्हिसल बजी, भारत ने मुक़ाबला शानदार अंदाज़ में जीत लिया था।

भारत और रूस शनिवार की रात एक बार फिर इसी मैदान पर 8 बजे आमने सामने होंगे, जहां भारत को एक और जीत, टाई या फिर 2 गोलों के कम अंतर से मिली हार भी टोक्यो 2020 का टिकेट दिला देगी।

Next Story
Share it