Begin typing your search above and press return to search.

खेलो इंडिया

हरियाणा सीएम ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के आयोजन की तारिखों का किया ऐलान

ये खेल पंचकूला के अलावा शाहाबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगे

Khelo India Youth Games 2021
X

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021

By

Amit Rajput

Updated: 26 April 2022 5:51 PM GMT

देश में युवाओं को खेलों का बड़ा मंच प्रदान करने वाला खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 की घोषणा हो गई है। इन गेम्स का आयोजन आगामी 4 जून से 13 जून 2022 तक हरियाणा में होगा। कोरोना के कारण गेम्स दो साल बाद आयोजित हो रहे। इनमें अंडर-18 आयु वर्ग के युवाओं के लिए 25 खेलों का आयोजन होगा। जिसमें 5 भारतीय खेल गतका, योग, थांग ता, मलखंब, कलारियापट्टू इत्यादि शामिल हैं। इन खेलों में लगभग 8,500 खिलाड़ी भाग लेंगे। ये खेल पंचकूला के अलावा शाहाबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में होंगे। इस बात की जानकारी हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मीडिया को दी।

8 मई को लांच होगा मस्कट और लोगो

खेलो इंडिया गेम्स को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सीएम मनोहर के अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और हरियाणा के युवा खेल मंत्री संदीप सिंह भी मौजूद थे। बैठक के बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मीडिया को गेम्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 8 मई को पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का मस्कट और लोगो लॉन्च किया जाएगा।

इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। आगे उन्होंने कहा कि खेलों के लिए 2-3 मल्टीपरपज हॉल, सिंथेटिक ट्रैक, एथलेटिक ट्रैक का निर्माण किया गया है। इसके अलावा, बैडमिंटन हॉल, राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर 14, पंचकूला में सभागार का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। आगे सीएम ने कहा कि हॉकी स्टेडियम पंचकूला और शाहबाद का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। साथ ही, अंबाला में एक ऑल वेदर स्विमिंग पूल का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

स्वच्छ भारत का देंगे संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों के आयोजन के लिए युवा अधिकारियों की पूरी टीम लगाई गई है जो हर प्रतिस्पर्धा स्थल की पूरी निगरानी करेंगे ताकि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इन खेलों में स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए साफ सफाई का पूरा प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए पूरी टीम तैनात की जाएगी।

बेटी बचाओ अभियान पर आधारित गेम्स

वही बैठक में शामिल हुए केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हरियाणा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की दिशा में सराहनीय कार्य हुआ है। इसके अलावा प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने भी विदेशों में आयोजित हर खेल में परचम फहराया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का रुझान खेलों की तरफ और ज्यादा बढे़ इसके लिए खेलों को समर्पित थीम पर फोकस किया जाए।

खेलो इंडिया यूथ गेम में नए नए आइडिया के साथ कार्य किया जाए ताकि देशभर में हरियाणा की और अधिक चर्चा हो। उन्होंने कहा कि जून में होने वाले इन खेलों में कोविड-19 नियमों का पूरा पालन किया जाए तथा खिलाड़ियों के लिए टेस्टिंग आदि की पूरी व्यवस्था की जाए।

Next Story
Share it