Begin typing your search above and press return to search.

क्रिकेट

WPL: आरसीबी की मार्गदर्शक होंगी सानिया मिर्जा

सानिया ने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के बाद टेनिस से संन्यास ले लिया

WPL: आरसीबी की मार्गदर्शक होंगी सानिया मिर्जा
X
By

Bikash Chand Katoch

Published: 15 Feb 2023 6:35 AM GMT

पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना आखिरी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट खेलने वाली भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम ने आगामी महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए अपना मार्गदर्शक बनाया है, जो दुबई में अपना आखिरी टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार है। यह कदम खिलाड़ियों के लिए बड़े पैमाने पर प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। सानिया को क्रिकेट से प्यार है और उन्हें अक्सर कई क्रिकेट स्टेडियम में देखा गया है।

सानिया के 6 ग्रैंड स्लैम खिताबों में से तीन मिश्रित युगल ट्राफियां हैं जो उन्होंने महेश भूपति (2009 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2012 फ्रेंच ओपन) और ब्राजीलियाई खिलाड़ी ब्रूनो सोरेस (2014 यूएस ओपन) के साथ जीती हैं। सानिया ने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के बाद टेनिस से संन्यास ले लिया जहां वह और उनके साथी रोहन बोपन्ना मिश्रित युगल स्पर्धा में उपविजेता रहे।

आरसीबी के एक बयान में 6 ग्रैंडस्लैम और 43 डब्ल्यूटीए खिताब जीतने वाली सानिया ने कहा, ''आरसीबी महिला टीम से मार्गदर्शक के रूप में जुड़ना मेरे लिए खुशी की बात है।''

उन्होंने कहा, ''भारतीय महिला क्रिकेट ने महिला प्रीमियर लीग के रूप में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा है और मैं वास्तव में इस क्रांतिकारी कदम का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं।''

सानिया ने कहा, ''आरसीबी आईपीएल में एक लोकप्रिय टीम और वर्षों से बहुत अधिक फॉलो की जाने वाली टीम रही है। मैं उन्हें महिला प्रीमियर लीग के लिए एक टीम बनाते हुए देखकर बेहद खुश हूं।''

उन्होंने कहा, ''यह देश में महिलाओं के क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। महिला क्रिकेटरों के लिए नए दरवाजे खोलेगा और खेल को युवा लड़कियों और युवा माता-पिता के लिए करियर की पहली पसंद बनाने में मदद करेगा।''

महिला आईपीएल की सबसे पहली बोली भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर लगी। मंधाना के लिए आरसीबी और मुंबई इंडियंस की टीम ने जमकर बोलियां लगाईं। लेकिन अंत में आरसीबी की टीम ने मंधाना पर 3.4 करोड़ की बड़ी बोली लगाई। मंधाना पहले सेट में सबसे महंगी खिलाड़ी बनीं।

आरसीबी ने 18 खिलाड़ियों को शामिल करते हुए एक मजबूत टीम बनाई है जिसमें महिला क्रिकेट के कुछ बड़े नाम जैसे स्मृति मंधाना, ऑस्ट्रेलिया की एलिस पैरी और मध्यम तेज गेंदबाज मेगन शुट, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन, इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट, दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर डेन वान नीकर्क और भारत की अंडर-19 स्टार रिचा घोष शामिल हैं।

आरसीबी की पूरी टीम:

स्मृति मंधाना 3.40 करोड़ रु

ऋचा घोष 1.90 करोड़ रु

एलिस पैरी 1.70 करोड़ रु

रेणुका सिंह 1.50 करोड़ रु

सोफी डेविने 50 लाख रु

हीथर नाइट 40 लाख रु

मेगन शुट 40 लाख रु

कनिका आहुजा 35 लाख रु

डेन वैन निकर्क 30 लाख रु

एरिन बर्न्स 30 लाख रु

प्रीति बोस 30 लाख रु

कोमल जंजाद 25 लाख रु

आशा शोभना 10 लाख रु

दिशा कासत 10 लाख रु

इंद्राणी राय 10 लाख रु

पूनम खेमनार 10 लाख रु

सहाना पवार 10 लाख रु

श्रेयंका पाटिल 10 लाख रु

Next Story
Share it