Begin typing your search above and press return to search.

बैडमिंटन

फिटनेस कारणों से एशियाई खेलों के ट्रायल्स में भाग नहीं लेगी साइना नेहवाल

साइना आखिरी बार ऑरलियन्स मास्टर्स में खेली थी

Saina Nehwal
X

साइना नेहवाल 

By

Bikash Chand Katoch

Published: 2 May 2023 8:11 AM GMT

राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की चैंपियन साइना नेहवाल फिटनेस कारणों से एशियाई खेलों के लिए राष्ट्रीय बैडमिंटन चयन ट्रायल्स में भाग नहीं लेगी।

भारतीय बैडमिंटन संघ तेलंगाना में स्थित ज्वाला गुट्टा अकादमी में चार से सात मई तक एशियाई खेलों के लिए टीम का चयन करने के लिए ट्रायल का आयोजन करेगा। एशियाई खेल 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक चीन के हांगझू में खेले जाएंगे।

बैडमिंटन संघ ने 22 अप्रैल को एशियाई खेलों के चयन ट्रायल के लिए खिलाड़ियों की सूची जारी की थी, जिसकी पुष्टि के लिए समय सीमा 28 अप्रैल तय की गई थी।

बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय मिश्रा ने पीटीआई से कहा, ‘‘साइना नेहवाल फिटनेस कारणों से भाग नहीं लेगी। इसके अलावा कुशल राज और प्रकाश राज ने भी ट्रायल्स से अपना नाम वापस ले लिया है। हालांकि जिन अन्य खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया था वह सभी इसमें भाग लेंगे।’’

साइना आखिरी बार ऑरलियन्स मास्टर्स में खेली थी। पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रही इस पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी ने जनवरी में बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप के ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया था। वह पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल्स में भी हिस्सा नहीं ले पाई थीं।

बैडमिंटन संघ ने विश्व रैंकिंग के आधार पर पीवी सिंधु (विश्व रैंकिंग 11), एचएस प्रणय (विश्व रैंकिंग 9), चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (विश्व रैंकिंग 6) की पुरुष जोड़ी और त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (विश्व रैंकिंग 6) की महिला जोड़ी का एशियाई खेलों के लिए सीधा चयन किया है।

विश्व चैंपियनशिप के रजत और कांस्य पदक विजेता किदांबी श्रीकांत (विश्व नंबर 23) और राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन लक्ष्य सेन (विश्व नंबर 24), ऑरलियन्स मास्टर्स सुपर 300 विजेता प्रियांशु राजावत, राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ और टोक्यो ओलंपियन बी साई प्रणीत नौ पुरुषों में शामिल हैं। एकल खिलाड़ियों को ट्रायल्स में कड़ी टक्कर देनी होगी।

महिला एकल में आकाशी कश्यप, मालविका बंसोड़, अश्मिता चालिहा, उन्नति हुड्डा ट्रायल्स में मौजूद महिला एकल खिलाड़ियों में शामिल होंगी।

पुरुष एकल और महिला एकल के लिए तीन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि दो मिश्रित युगल जोड़ी और एक पुरुष युगल और एक महिला युगल जोड़ी को ट्रायल्स से चुना जाएगा।

एशियाई खेलों के लिए चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:

पुरुष एकल: लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, प्रियांशु राजावत, मिथुन मंजूनाथ, साई प्रणीत, मैसनम मीराबा, भरत राघव, अंसल यादव, सिद्धांत गुप्ता

महिला एकल: आकाशी कश्यप, मालविका बंसोद, अश्मिता चालिहा , अदिति भट, उन्नति हुड्डा, अलीशा नाइक, श्रियांशी वलीशेट्टी, अनुपमा उपाध्याय

पुरुष युगल: एमआर अर्जुन/ध्रुव कपिला, कृष्ण प्रसाद/विशुवर्धन, सूरज गोला/पृथ्वी रॉय, नितिन एचवी/साई प्रतीक

महिला युगल: अश्विनी भट/शिखा गौतम, तनीषा क्रास्टो/अश्विनी पोनप्पा, राधिका शर्मा/तन्वी शर्मा

मिश्रित युगल: रोहन कपूर/सिक्की रेड्डी, साई प्रतीक/तनिषा क्रास्टो, हरिहरन/वार्शिनी, हेमागेंद्र बाबू/कनिका कंवल

Next Story
Share it