Begin typing your search above and press return to search.

बैडमिंटन

बैडमिंटन जूनियर विश्व चैंपियनशिप: अनुपमा और उन्नति हुड्डा करेंगी भारतीय चुनौती की अगुआई

लड़को के एकल वर्ग में गोवा और पंचकूला में दोनों अखिल भारतीय रैंकिंग खिताब जीतने वाले भरत राघव, पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक शंकर मुथुसामी के अलावा आयुष शेट्टी चुनौती पेश करेंगे।

Unnati Hooda Badminton
X

उन्नति हुड्डा

By

Pratyaksha Asthana

Updated: 12 Sep 2022 10:34 AM GMT

स्पेन के सेंटेंडर में होने वाले बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में दुनिया की नंबर एक जूनियर खिलाड़ी अनुपमा उपाध्याय और ओडिशा ओपन सुपर 100 चैंपियन उन्नति हुड्डा भारत की चुनौती की अगुआई करेंगी।

कोविड 19 महामारी के कारण दो साल के लंबे अंतराल के बाद टूर्नामेंट का आयोजन 17 से 30 अक्टूबर के बीच होना तय हुआ हैं। प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम को विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद चुना गया है जिसमें दो अखिल भारतीय रैंकिंग टूर्नामेंट और रायपुर में चयन ट्रायल शामिल हैं।

भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति ने लड़कियों के एकल ट्रायल में शीर्ष स्थान हासिल किया था, जहां एस रक्षिता श्री और अनुपमा क्रमश: दूसरे और तीसरा स्थान हासिल किया था।

वहीं लड़को के एकल वर्ग में गोवा और पंचकूला में दोनों अखिल भारतीय रैंकिंग खिताब जीतने वाले भरत राघव, पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक शंकर मुथुसामी के अलावा आयुष शेट्टी चुनौती पेश करेंगे।

इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक कुल 9 पदक हासिल किए है, जिसमें एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक जीतने वाले लक्ष्य सेन 2018 में कांस्य पदक के साथ इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले आखिरी भारतीय थे।

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के सचिव संजय मिश्रा ने कहा, ''जूनियर विश्व चैंपियनशिप लंबे अंतराल के बाद हो रही है और नए खिलाड़ियों के उभरने के साथ व्यापक चयन ट्रायल के बाद टीम का चयन किया गया है।''

उन्होंने कहा, ''हमें विश्वास है कि हम मिश्रित टीम चैंपियनशिप और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक के लिए मजबूत चुनौती पेश करेंगे।''

भारतीय टीम इस प्रकार है-

लड़कों का एकल वर्ग: भरत राघव, शंकर मुथुसामी एस, आयुष शेट्टी।

लड़कियों का एकल वर्ग: उन्नति हुड्डा, एस रक्षिता श्री, अनुपमा उपाध्याय।

लड़कों का युगल वर्ग: अर्श मोहम्मद/अभिनव ठाकुर, निकोलस नाथन राज/तुषार सुवीर।

लड़कियों का युगल वर्ग: इशरानी बरुआ/देविका सिहाग, श्रेया बालाजी/श्रीनिधि एन।

मिश्रित युगल: समरवीर/राधिका शर्मा, विघ्नेश थथिनेनी/श्री साई श्रव्य लक्कमराजू।

Next Story
Share it