Begin typing your search above and press return to search.

एथलेटिक्स

नीरज चोपड़ा ने 15 दिन में दूसरी बार तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड

इससे पहले 14 जून को नीरज ने पावे नुरमी खेलों में 89.30 मीटर दूर भाला फेंककर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था

नीरज चोपड़ा ने 15 दिन में दूसरी बार तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
X
By

Bikash Chand Katoch

Updated: 4 July 2022 6:04 AM GMT

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने स्टॉकहोम डायमंड लीग में शानदार थ्रो से एक बार फिर राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। स्टॉकहोम में नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 89.94 मीटर दूर भाला फेंका। उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को सुधारा है। इससे पहले 14 जून को नीरज ने पावो नुरमी खेलों में 89.30 मीटर दूर भाला फेंककर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। वहां पर वह दूसरे स्थान पर रहे थे। हालाँकि आज अपने जीवन की सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके भी उनको दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। ग्रेनेडा के पेटर्स एंडरसन ने 90.31 मीटर की थ्रो से पहला स्थान हासिल किया। नीरज की बाकी की थ्रो 84.37, 87.46, 84.77, 86.67 और 86.84 मीटर की थी।

नीरज ने कुओर्ताने खेलों में 86.60 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया था। नीरज चार साल बाद डायमंड लीग में हिस्सा लेने उतरे। इससे पहले 2018 में ज्यूरिख में भाग लिया था। तब 85.73 मीटर थ्रो करके चौथा स्थान हासिल किया था। उस समय भी नीरज ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। भारत का यह स्टार जेवलिन थ्रोअर अब तक सात बार डायमंड लीग में हिस्सा ले चुका है। 2017 में तीन और 2018 में चार बार भाग लिया था। तब वह एक भी बार पहले तीन स्थानों में नहीं आये थे। दो बार उन्हें चौथा स्थान हासिल हुआ।

अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले नीरज के लिए यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। इस मुकाबले में टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले तीनों विजेता मैदान में थे। मौजूदा समय में सबसे ज्यादा बार 90 मीटर की दूरी को पार करने वाले जर्मनी के जोहानेस वेटर इस बार चोट के कारण नहीं उतरे हैं।

Next Story
Share it