Begin typing your search above and press return to search.

एथलेटिक्स

अक्षदीप सिंह, प्रियंका गोस्वामी ने 2023 विश्व चैंपियनशिप, 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया

अक्षदीप सिंह ने राष्ट्रीय पैदल चाल चैंपियनशिप में 20 किलोमीटर स्पर्धा में पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी कायम किया

अक्षदीप सिंह, प्रियंका गोस्वामी ने 2023 विश्व चैंपियनशिप, 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई  किया
X
By

Bikash Chand Katoch

Updated: 14 Feb 2023 11:52 AM GMT

भारत के अक्षदीप सिंह और प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को मोराबादी, झारखंड में चल रही राष्ट्रीय ओपन पैदल चाल चैंपियनशिप 2023 में क्रमशः पुरुषों और महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल में स्वर्ण जीतते हुए और योग्यता मानकों को पूरा करने के बाद विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 और पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई किया।

पंजाब के 22 वर्षीय खिलाड़ी अक्षदीप ने एक घंटा 19 मिनट और 55 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। इस आश्चर्यजनक परिणाम से पहले अक्षदीप का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ एक घंटा 23 मिनट 14 सेकंड था जो उन्होंने इसी चैंपियनशिप में पिछली बार हासिल किया था। पिछला रिकॉर्ड अनुभवी संदीप कुमार के नाम था जिनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक घंटा 20 मिनट और 16 सेकंड का था। संदीप ने हालांकि मंगलवार को निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह एक घंटे 23 मिनट और 28 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे।

अगस्त में बुडापेस्ट में होने वाली दोनों विश्व चैंपियनशिप और 2024 ओलंपिक के लिए पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल का क्वालीफाइंग समय एक घंटा 20 मिनट 10 सेकंड है।

महिलाओं की 20 किमी स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक टोक्यो ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जिन्होंने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में 10,000 मीटर रेस वॉक में रजत पदक जीता, ने एक घंटा 28 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ विश्व चैंपियनशिप और 2024 ओलंपिक दोनों के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने स्वर्ण पदक जीता लेकिन अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक घंटा 28 मिनट 45 सेकंड में सुधार करने से चूक गयी। उन्होंने यह रिकॉर्ड 2021 में बनाया था।

अगस्त में बुडापेस्ट में होने वाली दोनों विश्व चैंपियनशिप और 2024 ओलंपिक के लिए महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल का क्वालीफाईंग समय एक घंटा 29 मिनट 20 सेकंड है।

प्रियंका गोस्वामी की साथी टोक्यो ओलंपियन भावना जाट ने रजत पदक हासिल करने के लिए 1:29:44 का समय निकाला, लेकिन कोटा स्थानों से चूक गईं। सोनल सुखवाल ने 1:31:03 समय के साथ कांस्य पदक जीता।

Next Story
Share it