Begin typing your search above and press return to search.

एथलेटिक्स

लांग जम्पर शैली सिंह ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पदक जीत सकती हैं -रोबर्ट बॉबी जॉर्ज

लांग जम्पर शैली सिंह ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पदक जीत सकती हैं -रोबर्ट बॉबी जॉर्ज
X
By

Ankit Pasbola

Published: 4 Dec 2019 5:26 AM GMT

भारत की उदयीमान लांग जम्पर शैली सिंह ने इसी साल लम्बी कूद में नेशनल जूनियर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 6.15 मीटर लम्बी कूद लगाकर सबको चौंका दिया, जो कि अंडर-18 में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। वह नेशनल जूनियर चैम्पियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता बनी। पंद्रह वर्षीय शैली इस समय बेंगलुरु में स्थित अंजू बॉबी हाई परफॉर्मेंस एकडेमी में ट्रैनिग करती हैं। उनके कोच रोबर्ट बॉबी जॉर्ज का मानना है कि वह 2024 पेरिस ओलम्पिक खेलों में पदक की प्रबल दावेदार हैं।

रोबर्ट बॉबी जॉर्ज ने शैली को लेकर कहा, "वह 2024 ओलंपिक तक तैयार हो जायेगी। मैं उन्हें पदक का प्रबल दावेदार देख रहा हूँ। मैं पदक की बात नहीं कर रहा हूँ मगर वह निश्चित ही दावेदार हैं। वह तब तक 20 साल की हो जायेंगी। वह उस समय 6.80 मीटर को पार कर जाएँगी और अंजू का रिकॉर्ड तोड़ देंगी।"

Related image

दो साल पहले गुंटूर में खेले गये नेशनल्स में शैली सिंह ने अंडर-14 में 4.64 मीटर की छलांग लगाकर पांचवा स्थान हासिल किया। वह इस प्रतियोगिता में पदक तो नहीं जीत सकी लेकिन उनकी छलांग रोबर्ट बॉबी जॉर्ज को पसंद आई। इसके एक हफ्ते बाद विशाखापट्नम में खेली गई इंटरडिस्ट्रिक्ट नेशनल्स में अंजू बॉबी जॉर्ज ने भी उनकी छलांग देखी और वह भी उनसे प्रभावित हुई। इसके बाद से शैली पिछले 20 महीने से अंजू बॉबी जॉर्ज एकेडमी में ट्रेनिंग करती हैं। रोबर्ट और अंजु बॉबी की देखरेख में उनके प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार हुआ है। अब उनसे पांच साल बाद होने वाले 2024 ओलंपिक में पदक की उम्मीद की जाने लगी हैं। वह भारत की नई पोस्टर गर्ल हो सकती हैं।

ओलंपिक खेलों की पदक विजेता भारतीय पूर्व लांग जम्पर अंजु बॉबी जॉर्ज ने उनको लेकर कहा, "वह बेहद प्रतिभाशाली हैं। वह भारतीय एथलेटिक्स की नई पोस्टर गर्ल हो सकती हैं। यह देखकर बहुत खुशी हुई कि हम उससे जो कहते हैं वह उसे कर देती हैं। वह निडर हैं, किसी चुनौतियों से नहीं घबराती। इस उम्र में इतना कुछ कर पाना मुश्किल है।"

Image result for shaili singh long jumper images
अपने कोच रोबर्ट बॉबी जॉर्ज के साथ शैली सिंह

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी से संबंध रखने वाली शैली ने पिछले साल हुए जूनियर नेशनल्स में 5.94 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस साल उन्होंने रांची में एक ही संस्करण में इसमें तीन बार सुधार किया। पहले उन्होंने क्वालिफिकेशन के दौरान 6.01 मीटर की छलांग लगाई। फिर उन्होंने फाइनल के पहले दौर में 6.13 मीटर की छलांग लगाकर अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को सुधारा। फिर उन्होंने अपनी पांचवी कूद में 6.15 मीटर की छलांग लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह अंडर-18 में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। इसके साथ ही शैली ने अगले साल IAAF वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई भी कर लिया।

Next Story
Share it