Begin typing your search above and press return to search.

तीरंदाजी

भारतीय जोड़ी अभिषेक और ज्योति ने किया शानदार प्रदर्शन, विश्व खेल के मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता कांस्य पदक

वर्मा और ज्योति कंपाउंड तीरंदाजी में सभी स्तर पर पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाज हैं

abhishek verma and jyothi surekha archery
X

अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नम

By

Shivam Mishra

Updated: 10 July 2022 9:36 AM GMT

बर्मिंघम में जारी विश्व खेल 2022 में शनिवार को एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने तीरंदाजी की मिश्रित टीम स्पर्धा में मैक्सिको के अपने प्रतिद्वंद्वियों को एक अंक से पछाड़कर कांस्य पदक हासिल किया।

अभिषेक और ज्योति की तीरंदाजी जोड़ी ने कांस्य पदक जीतने के लिए प्ले-ऑफ में मेक्सिको के एंड्रिया बेसेरा और मिगुएल बेसेरा की जोड़ी को 157-156 से हराया और विश्व खेल के मौजूदा संस्करण में भारत को पहला पदक दिलाया।

गौरतलब है वर्मा और ज्योति कंपाउंड तीरंदाजी में सभी स्तर पर पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाज हैं। उन्होंने विश्व खेलों, विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप फाइनल, विश्व कप, एशियाई खेल और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।

हालाकि व्यक्तिगत वर्ग में वर्मा ने निराश किया। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी विश्व चैंपियन अमरीका के माइक श्लोसर को क्वार्टर फाइनल में हराने वाले वर्मा सेमीफाइनल की बाधा को पार करने में नाकाम रहे। उन्हें विश्व रैंकिंग में अपने से एक स्थान बेहतर चौथे स्थान पर मौजूद फ्रांस के जीन फिलिप बोल्च के खिलाफ 141-143 से शिकस्त झेलनी पड़ी। वर्मा इसके बाद कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले में अपने से कम रैंकिंग वाले कनाडा के क्रिस्टोफर पार्किंस से 145-148 से हार गए।

इससे पहले, अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने प्रतियोगिता के क्वार्टर-फाइनल में न्यूजीलैंड को 156-155 से हराया था। लेकिन भारतीय जोड़ी को कोलंबियाई जोड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। महिलाओं की दुनिया की नंबर 1 तीरंदाज सारा लोपेज और डेनियल मुनोज की कोलंबियाई जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 159-157 से शिकस्त दी थी।

बता दे अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने भी पिछले महीने पेरिस में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था।

Next Story
Share it