भारतीय तीरंदाजी संघ से निलंबन हटा, अब देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे तीरंदाज

Update: 2020-01-23 12:28 GMT

भारतीय तीरंदाजों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। विश्व तीरंदाजी संघ ने गुरुवार को भारतीय तीरंदाजी संघ के ऊपर लगा निलंबन हटा दिया है। गौरतलब है कि भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) 5 अगस्त 2019 से निलंबित है। निलंबन हटने के बाद से भारतीय तीरंदाज फिर से तिरंगे के नीचे खेलते हुए नजर आएंगे। तीरंदाजी संघ पर लगे निलंबन के कारण भारतीय तीरंदाज देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर पा रहे थे। वह प्रतियोगिताओं में तटस्थ खिलाड़ियों के तौर पर खेल रहे थे।

हाल ही में शनिवार को तीरंदाजी संघ के चुनाव सम्पन्न हुए हैं, जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को संघ का अध्यक्ष चुना गया है। अर्जुन मुंडा का कार्यकाल चार वर्षों का होगा। वहीं हरियाणा के कैप्टन अभिमन्यू शर्मा ने ने उपाध्याक्ष का पद हासिल किया है जबकि उत्तराखंड के राजेंद्र सिंह तोमर कोषाध्यक्ष के पद पर चुने गए हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर भारतीय तीरंदाजी महासंघ का चुनाव 18 जनवरी को नई दिल्ली में हुआ था।

यह भी पढ़ें: भारतीय तीरंदाजी संघ के चुनाव 18 जनवरी को होंगे

इससे पहले भारतीय तीरंदाजी को सबसे बड़ा झटका अगस्त में लगा था जब विश्व तीरंदाजी ने दो गुटों की गुटबाजी के कारण राष्ट्रीय महासंघ को निलंबित कर दिया था। इनमें से एक गुट ने दिल्ली और दूसरे ने चंडीगढ़ में चुनाव करवाये थे जो कि अंतरराष्ट्रीय संस्था के दिशानिर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।